How to Make Corn Chaat: सुबह के नाश्ते में रोज-रोज वही मक्खन में डूबे टोस्ट और भारी सैंडविच खाकर अगर आपका मन भर गया है तो इस चिलचिलाती गर्मी में अपने दिन की शुरुआत कुछ बेहद हल्के, रिफ्रेशिंग और न्यूट्रिशियस खाने से करें. आपको सुनकर हैरानी होगी लेकिन आप दिन की शुरुआत चाट से भी कर सकते हैं. जी हां ये चाट बहुत ही हेल्दी और टेस्टी है जिसका नाम है स्वीट कॉर्न फ्रूट चाट.
इस चाट के हैं फायदे अनेक
चिलचिलाती धूप और लू के कारण शरीर में पानी की कमी होने लगती है लेकिन इस चाट में मौजूद मौसमी फल जैसे सेब, अनार और ककड़ी शरीर को तुरंत हाइड्रेट करते हैं और जरूरी विटामिन्स देते हैं. वहीं, उबले हुए स्वीट कॉर्न से भरपूर मात्रा में फाइबर और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट मिलता है जो पेट को बिना भारी किए लंबे समय तक भरा रखता है. साथ ही इसमें डाला जाने वाला नींबू का रस और पुदीने की पत्तियां आपके पेट को अंदर से बर्फ जैसी ठंडक देती हैं.
रेसिपी के लिए तैयार कर लें ये चीजें
उबले हुए स्वीट कॉर्न : 1 कप
सेब: 1/2 कप (बारीक कटा हुआ)
अनार के दाने : 1/2 कप
खीरा या ककड़ी : 1/2 कप (बारीक कटी हुई)
हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
ताजा पुदीना पत्ती: 7-8 (बारीक कटी हुई)
मसाले और ड्रेसिंग के लिए:
नींबू का रस: 1 से 2 चम्मच
काली मिर्च पाउडर: 1/4 छोटा चम्मच
भुना जीरा पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
चाट मसाला: 1/2 छोटा चम्मच
काला नमक: स्वादानुसार
बनाने का तरीका
सबसे पहले स्वीट कॉर्न के दानों को थोड़े से पानी और चुटकी भर नमक के साथ उबाल लें. उबलने के बाद पानी छान लें और कॉर्न को थोड़ा ठंडा होने दें.
अब एक बड़े मिक्सिंग बाउल में उबले हुए स्वीट कॉर्न, कटे हुए सेब, अनार के दाने और ककड़ी को एक साथ डाल लें.
इस मिक्चर के ऊपर स्वादानुसार काला नमक, भुना जीरा पाउडर, काली मिर्च पाउडर और चाट मसाला छिड़कें.
अब इसमें ताजा नींबू का रस डालें और बारीक कटा हुआ हरा धनिया व पुदीने की पत्तियां मिलाएँ.
सभी सामग्रियों को अच्छी तरह से टॉस कर लें. आपकी ठंडी, चटपटी और समर स्पेशल फ्रूट और स्वीट कॉर्न चाट सर्व करने के लिए बिल्कुल तैयार है.
aajtak.in