शाम की चाय के साथ कुछ न कुछ गरमा-गरम और क्रिस्पी खाने का मन तो हर किसी का करता है लेकिन अगर रोज वही समोसे-पकौड़े खाकर बोर हो गए हैं तो यहां हम आपको हेल्दी और टेस्टी सोया-अरहल दाल की टिक्की की रेसिपी बता रहे हैं. आमतौर पर घरों में आलू की टिक्की ही बनाई जाती है, लेकिन जो लोग अपनी फिटनेस को लेकर सजग हैं या वजन घटाना चाहते हैं, उनके लिए आलू का ज्यादा सेवन सही नहीं है.
इसलिए आज हम आपके लिए लेकर आए हैं प्रोटीन रिच सोया और अरहर दाल की टिक्की. यह टिक्की फाइबर और न्यूट्रिशन से भरपूर है, पचाने में बेहद आसान है और इसका लाजवाब क्रिस्प हर किसी को दीवाना बना देता है. आइए जानते हैं इसे बनाने की सबसे आसान विधि.
सामग्री (Ingredients)
अरहर (तुअर) दाल: 1/2 कप (उबली हुई और हल्की मैश की हुई)
सोया चंक्स या सोया ग्रेन्यूल्स (चूरा): 1/2 कप (गर्म पानी में भिगोकर, निचोड़ा और दरदरा पीसा हुआ)
बारीक कटा प्याज: 1 छोटा
हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट: 1 चम्मच
बारीक कटा हरा धनिया: 2 चम्मच
चावल का आटा या कॉर्नफ्लोर: 2 चम्मच (बाइंडिंग और क्रिस्प के लिए)
चाट मसाला: 1/2 छोटी चम्मच
भुना जीरा पाउडर: 1/2 छोटी चम्मच
लाल मिर्च पाउडर: 1/4 छोटी चम्मच
नमक: स्वादानुसार
तेल: टिक्की को शैलो फ्राई करने के लिए
बनाने की विधि
सबसे पहले सोया चंक्स को गर्म पानी में 10 मिनट के लिए भिगो दें. जब ये सॉफ्ट हो जाएं, तो इनका पानी अच्छी तरह निचोड़ लें और मिक्सी में डालकर दरदरा पीस लें.
एक बड़े मिक्सिंग बाउल में उबली और मैश की हुई अरहर दाल और दरदरा पिसा हुआ सोया डालें. (ध्यान रहे दाल में पानी ज्यादा न हो).
अब इस मिश्रण में बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च-अदरक का पेस्ट, हरा धनिया, चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और नमक डालें.
टिक्की को क्रिस्पी बनाने और बाइंडिंग के लिए इसमें चावल का आटा या कॉर्नफ्लोर मिलाएं. सभी चीजों को हाथों से अच्छी तरह मिक्स करके डो (आटे) की तरह तैयार कर लें.
हाथों पर थोड़ा सा तेल लगाएं और मिश्रण में से थोड़ा सा हिस्सा लेकर गोल या ओवल शेप की मनचाही टिक्कियां तैयार कर लें.
एक नॉन-स्टिक पैन या तवे पर 1-2 चम्मच तेल गर्म करें. तैयार टिक्कियों को तवे पर रखें और मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और क्रिस्पी होने तक शैलो फ्राई करें. आपकी गरमा-गरम, हाई-प्रोटीन अरहर दाल और सोया टिक्की तैयार है. इसे हरी पुदीने की चटनी और खट्टी-मीठी इमली की चटनी के साथ सर्व करें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क