Mango Halwa Recipe: मैंगो शेक नहीं इस बार ट्राई करें आम का टेस्टी हलवा, स्वाद ऐसा कि उंगलियां चाटते रह जाएंगे!
Mango Halwa Recipe: आम के सीजन में अगर आप कुछ नया और मीठा ट्राई करना चाहते हैं तो आम का हलवा एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. सूजी, आम के पल्प और देसी घी से बनने वाली यह मिठाई स्वाद के साथ-साथ खुशबू से भी हर किसी का दिल जीत लेती है.
Mango Halwa Recipe: अगर आप आम खाना पसंद करते हैं और इससे कुछ अलग व टेस्टी बनाना चाहते हैं तो इस बार आम का हलवा जरूर ट्राई करें. आम का हलवा स्वाद में इतना लाजवाब होता है कि इसे खाने के बाद हर कोई इसकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाएगा. पके हुए आम का मीठा स्वाद, देसी घी की खुशबू, सूजी का मुलायम टेक्सचर और ड्राई फ्रूट्स का हल्का क्रंच मिलकर इसे बेहद टेस्टी मिठाई बना देते हैं. सबसे अच्छी बात यह है कि इसे घर पर मौजूद कुछ चीजों से बहुत ही कम समय में तैयार किया जा सकता है. तो आइए जानते हैं कि आम का हलवा बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है और यह कैसे बनता है.
Advertisement
इंग्रेडिएंट्स (ingredients)
1 कटोरी सूजी
1 कटोरी आम का पल्प
1 कटोरी दूध
देसी घी – 1 कटोरी
स्वादानुसार चीनी
2-3 टेबलस्पून कटे हुए ड्राई फ्रूट्स
1 टीस्पून इलायची पाउडर
10-12 केसर के धागे
2-3 बूंद मैंगो एसेंस (ऑप्शनल)
सबसे पहले मीठे और पके हुए आम का चुनाव करें. आम को धोकर उसका छिलका उतार लें और उसका पल्प निकालकर अलग रख दें.
अब एक कड़ाही में देसी घी डालकर धीमी आंच पर गर्म करें. जब घी पिघल जाए, तो उसमें सूजी डालकर लगातार चलाते हुए हल्का सुनहरा होने तक भून लें.
इसके बाद कड़ाही में आम का पल्प डालें और सूजी के साथ अच्छी तरह मिला लें. कुछ मिनट तक पकाने के बाद इसमें दूध डालें और अच्छी तरह मिक्स करें. फिर कड़ाही को ढककर धीमी आंच पर पकने दें. बीच-बीच में मिश्रण को चलाते रहें, ताकि वह तले में न लगे.
जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तब इसमें स्वादानुसार चीनी डालकर अच्छी तरह मिला दें. इस बीच एक छोटी कटोरी दूध में केसर के धागे भिगो दें. फिर इस केसर वाले दूध को हलवे में डालकर मिला लें.
अब इसमें इलायची पाउडर और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालें. अगर आप हलवे का रंग और आम की खुशबू थोड़ा और बढ़ाना चाहते हैं, तो इसमें 2-3 बूंद मैंगो एसेंस भी मिला सकते हैं.
अगर हलवा ज्यादा गाढ़ा लगे और सूजी पूरी तरह न पकी हो, तो थोड़ा-सा दूध और डालकर कुछ देर तक पकाएं. जब हलवा अच्छी तरह गाढ़ा हो जाए और उसमें से भीनी-भीनी खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें.
अब आपका स्वादिष्ट आम का हलवा तैयार है. इसे सर्विंग बाउल में निकालें, ऊपर से ड्राई फ्रूट्स से गार्निश करें और गर्मागर्म या हल्का ठंडा करके परिवार के साथ इसका आनंद लें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क