Crispy Pakora Recipes: दिवाली पर बनाएं 5 तरह के कुरकुरे पकौड़े, मेहमान भी पूछेंगे रेसिपी

Crispy Pakora Recipes: दिवाली पर मेहमानों के स्वागत के लिए इस बार सिर्फ प्याज नहीं, बल्कि 5 तरह के कुरकुरे पकौड़े बनाएं. प्याज, गोभी, पालक, बैंगन और लौकी से बने ये चटपटे पकौड़े स्वाद में लाजवाब हैं और इन्हें घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है.

Advertisement
इस दिवाली ट्राई करें 5 सब्जियों के चटपटे पकौड़े (Photo- ITG) इस दिवाली ट्राई करें 5 सब्जियों के चटपटे पकौड़े (Photo- ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 08 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 7:26 AM IST

Crispy Pakora Recipes: दिवाली का त्योहार आते ही घरों में पकवान और मिठाइयां बनाने की तैयारियां शुरू हो जाती हैं. इस खास मौके पर लोग घर को सजाने के साथ-साथ मेहमानों के स्वागत के लिए भी कई तरह के स्नैक्स तैयार करते हैं. अगर आप भी इस दिवाली कुछ चटपटा और कुरकुरा बनाने की सोच रहे हैं, तो पकौड़े एक अच्छा ऑप्शन हो सकते हैं. आमतौर पर लोग प्याज के पकौड़े बनाते हैं, लेकिन आप इस बार कुछ अलग-अलग सब्जियों से 5 तरह के पकौड़े तैयार कर सकते हैं.

Advertisement

इनमें प्याज, गोभी, पालक, बैंगन और लौकी के पकौड़े शामिल हैं. इन सभी का स्वाद अलग होता है और इन्हें बनाने के लिए घर में मौजूद बेसन और कुछ मसालों की जरूरत होती है. आप इन पकौड़ों को हरी चटनी, इमली की चटनी या टोमैटो सॉस के साथ गर्मागर्म परोस सकते हैं. तो आइए जानते हैं दिवाली पर मेहमानों के लिए 5 तरह के स्वादिष्ट और कुरकुरे पकौड़े बनाने के तरीके.

प्याज के पकौड़े
सबसे पहले बात करते हैं प्याज के पकौड़ों की, जो चाय के साथ काफी पसंद किए जाते हैं. इन्हें बनाने के लिए प्याज को पतले-पतले टुकड़ों में काट लें. अब इसमें बेसन, अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, नमक और बारीक कटा हरा धनिया डालकर मिला लें. जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालें और गाढ़ा मिश्रण तैयार करें. अब गर्म तेल में थोड़ी-थोड़ी मात्रा में मिश्रण डालकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें.

Advertisement

गोभी के पकौड़े
गोभी के पकौड़े बनाने के लिए सबसे पहले फूलगोभी को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर अच्छी तरह धो लें. अब एक बर्तन में बेसन, नमक, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, हींग और अजवाइन डालकर मिलाएं. इसमें थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा घोल तैयार करें. गोभी के टुकड़ों को इस घोल में डुबोएं और गर्म तेल में डालकर सुनहरा होने तक तल लें. तैयार हैं आपके कुरकुरे गोभी के पकौड़े.

पालक के पकौड़े
अगर आप कुछ हल्का और स्वादिष्ट बनाना चाहते हैं, तो पालक के पकौड़े भी ट्राई कर सकते हैं. इसके लिए पालक की पत्तियों को अच्छी तरह धोकर बारीक काट लें. अब इसमें बेसन, जीरा, बारीक कटी हरी मिर्च, नमक और लाल मिर्च पाउडर डालें. थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा मिश्रण तैयार करें. अब गर्म तेल में थोड़ी-थोड़ी मात्रा डालकर पकौड़ों को कुरकुरा होने तक तलें.

बैंगन के पकौड़े
बैंगन के पकौड़े बनाने के लिए सबसे पहले बैंगन को धोकर पतले गोल टुकड़ों में काट लें. अब एक बर्तन में बेसन, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, अजवाइन और स्वादानुसार नमक डालें. थोड़ा पानी मिलाकर घोल तैयार करें. बैंगन के टुकड़ों को बेसन के घोल में अच्छी तरह लपेटें और गर्म तेल में डालकर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें. इन्हें हरी चटनी के साथ परोस सकते हैं.

Advertisement

लौकी के पकौड़े
लौकी के पकौड़े बनाने के लिए सबसे पहले लौकी को छीलकर कद्दूकस कर लें. अब इसका अतिरिक्त पानी हल्के हाथों से निचोड़ दें. इसमें बेसन, बारीक कटी हरी मिर्च, अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, नमक और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिला लें. जरूरत पड़ने पर थोड़ा बेसन और मिलाएं, ताकि मिश्रण गाढ़ा रहे. अब इस मिश्रण से छोटी-छोटी पकौड़ियां बनाकर गर्म तेल में सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें. तैयार हैं आपके स्वादिष्ट लौकी के पकौड़े.

इस दिवाली आप इन पांचों तरह के पकौड़ों को एक साथ प्लेट में सजाकर मेहमानों को परोस सकते हैं. साथ में हरी चटनी और गर्मागर्म चाय रखें. इससे आपकी दिवाली की मेहमाननवाजी में स्वाद का नया तड़का लग जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »