घर में रखी पुरानी घड़ियां अक्सर बेकार समझकर दराज में डाल दी जाती हैं. कभी उनकी बैटरी खत्म हो जाती है, तो कभी स्ट्रैप टूटने या डायल खराब होने की वजह से लोग उन्हें पहनना बंद कर देते हैं. वैसे तो लोग इन्हें कबाड़ में फेंक देते हैं, लेकिन कई बार पसंदीदा घड़ी खराब होने के बाद भी उसे फेंकने का मन नहीं करता. ये घड़ियां यूं ही दराज में पड़ी रहती हैं. ऐसे में समझ नहीं आता कि आखिर उसका क्या किया जाए. अगर आपके पास भी ऐसी कोई पुरानी घड़ी रखी है, तो उसे बेकार समझकर फेंकने की जरूरत नहीं है.
थोड़ी-सी क्रिएटिविटी से आप पुरानी घड़ी को घर की डेकोरेशन का हिस्सा बना सकते हैं. इतना ही नहीं, उसके डायल, स्ट्रैप और दूसरे हिस्सों को अलग-अलग तरीकों से इस्तेमाल करके कई काम की चीजें भी तैयार की जा सकती हैं. इससे पुरानी चीजों का दोबारा इस्तेमाल हो जाएगा. आइए जानते हैं, बंद पड़ी या टूटी स्ट्रैप वाली घड़ी को दोबारा इस्तेमाल करने के 6 शानदार तरीके.
1. पुरानी घड़ी से बनाएं खूबसूरत डेकोरेटिव पीस: अगर आपकी घड़ी का डायल खूबसूरत है, लेकिन वो अब काम नहीं करती, तो उसे फेंकने के बजाय डेकोरेशन के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए घड़ी को अच्छी तरह साफ करें और उसे किसी छोटी लकड़ी की ट्रे, बॉक्स या शेल्फ पर रखें. उसके आसपास छोटे आर्टिफिशियल फूल, डेकोरेटिव पत्थर या दूसरी डेकोरेटिव चीजें रखकर इसे अट्रैक्टिव बना सकते हैं.
पुरानी या विंटेज लुक वाली घड़ियां खासतौर पर स्टडी टेबल, बुकशेल्फ और बेडसाइड टेबल पर अच्छी लग सकती हैं. इस तरह आपकी पुरानी घड़ी घर की डेकोरेशन में एक अलग अंदाज जोड़ सकती है.
2. टूटे स्ट्रैप को दें नया लुक: कई बार घड़ी का डायल ठीक रहता है, लेकिन उसका स्ट्रैप टूट जाता है या पुराना दिखने लगता है. ऐसे में पूरी घड़ी को बेकार समझने की जरूरत नहीं है. अगर स्ट्रैप का कुछ हिस्सा इस्तेमाल करने लायक है, तो उसे नया लुक दिया जा सकता है.
लेदर या फैब्रिक स्ट्रैप पर छोटे मोती, चार्म्स या कलर्ड धागे लगाकर उसे एक नया अंदाज दे सकते हैं. अगर स्ट्रैप पूरी तरह खराब हो गया है, तो घड़ी के डायल को नए स्ट्रैप के साथ जोड़ सकते हैं. इससे आपकी पुरानी घड़ी फिर से पहनने लायक बन सकती है. नया स्ट्रैप खरीदने से पहले घड़ी के डायल का आकार और स्ट्रैप लगाने का तरीका जरूर चेक कर लें.
3. घड़ी के डायल से बनाएं आर्ट पीस: अगर आपके पास ऐसी घड़ी है जिसका डायल सुंदर है, लेकिन मशीन खराब हो चुकी है, तो उसे आर्ट और क्राफ्ट के काम में इस्तेमाल किया जा सकता है. घड़ी के डायल को किसी छोटे फ्रेम, मिनिएचर आर्ट या हैंडमेड कोलाज का हिस्सा बनाएं.
आप पुराने बटन, छोटे मोती, सूखे फूल और रंगीन कागज के साथ इसे सजाकर एक खास डेकोरेटिव पीस तैयार कर सकते हैं. इसे स्टडी टेबल पर रखने या घर के किसी क्राफ्ट कॉर्नर को सजाने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे पुरानी घड़ी को एक नया रूप मिलेगा.
4. घड़ी के स्ट्रैप से बनाएं केबल ऑर्गनाइजर: पुरानी घड़ी का स्ट्रैप अगर मजबूत है, तो उसे छोटी चीजों को ऑर्गनाइज रखने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. जैसे चौड़े लेदर स्ट्रैप को केबल ऑर्गनाइजर की तरह इस्तेमाल करने के लिए उसमें सही शेप का बटन या क्लोजर लगाया जा सकता है.
इससे चार्जर की केबल, ईयरफोन वायर या दूसरी छोटी तारों को लपेटकर ऑर्गनाइज रखा जा सकता है. इस तरह बार-बार उलझने वाली तारों को संभालना आसान हो सकता है. हालांकि, इसके लिए स्ट्रैप की लंबाई और मजबूती सही होनी चाहिए. ध्यान रखें कि स्ट्रैप में मौजूद मेटल के नुकीले हिस्से तारों को नुकसान न पहुंचाएं.
5. पुरानी घड़ी से बनाएं खास की-चेन: अगर आपके पास ऐसी घड़ी है जो अब इस्तेमाल नहीं होती, लेकिन उससे कोई खास याद जुड़ी है, तो उसे फेंकने के बजाय यादगार चीज में बदल सकते हैं. घड़ी के छोटे डायल को किसी क्राफ्ट प्रोजेक्ट में शामिल करके की-चेन या पर्स चार्म तैयार किया जा सकता है.
इसके लिए डायल को किसी मजबूत की-चेन होल्डर से जोड़ना होगा. अगर घड़ी भारी है या उसका शीशा टूटा हुआ है, तो उसे सीधे चाबी के गुच्छे में लगाने से बचें.
6. घड़ी के छोटे हिस्सों से तैयार करें मिनिएचर क्राफ्ट: अगर आपको DIY और आर्ट एंड क्राफ्ट का शौक है, तो खराब घड़ी के छोटे-छोटे हिस्से भी काम आ सकते हैं. पुरानी मैकेनिकल घड़ी के गियर, डायल और मेटल के कुछ हिस्सों को मिनिएचर आर्ट, कोलाज या स्टीमपंक स्टाइल की डेकोरेशन में इस्तेमाल किया जा सकता है.
इन हिस्सों को किसी छोटे लकड़ी के बोर्ड या फ्रेम पर अपनी पसंद के हिसाब से लगाएं. आप चाहें तो इसके साथ पुराने बटन, कलर्ड पेपर या दूसरी चीजें भी जोड़ सकते हैं. इससे एक अलग तरह का आर्ट पीस तैयार हो सकता है, जिसे घर के किसी कोने में सजाया जा सकता है. घड़ी को खोलते समय हमेशा सावधानी बरतनी चाहिए और छोटे हिस्सों को बच्चों की पहुंच से दूर रखें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क