डीके शिवकुमार की नई दिल्ली यात्रा ने कर्नाटक की राजनीति में एक बार फिर नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों को हवा दे दी है. राज्य विधानसभा के चल रहे बजट सत्र के बाद मुख्यमंत्री पद पर बदलाव की संभावना पर चर्चा तेज हो गई है. शिवकुमार रविवार शाम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ कलबुर्गी से नई दिल्ली के लिए रवाना हुए थे. इससे पहले दोनों नेताओं ने जिले के चित्तापुर में 1,069 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया.
दिल्ली में मीडिया से बातचीत में डीके शिवकुमार ने कहा कि उन्हें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करनी है, लेकिन वह सार्वजनिक रूप से यह नहीं बता सकते कि किससे मिलने जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा को लेकर अटकलें लगाने की जरूरत नहीं है. उन्होंने बताया कि सोमवार को उन्होंने एक डिनर का आयोजन किया है और दो दिन बाद कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल (CLP) की बैठक भी प्रस्तावित है. शिवकुमार ने कहा कि सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष ने बेंगलुरु में एक वर्कशॉप बुलाया है.
यह भी पढ़ें: 'कैबिनेट में नई पीढ़ी...', सिद्धारमैया को बैकफुट पर लाने के लिए डीके शिवकुमार ने चला नया दांव
वहीं असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस द्वारा 42 उम्मीदवारों की घोषणा पर डीके शिवकुमार ने कहा कि स्क्रीनिंग कमेटी की एक और बैठक होनी है, लेकिन वह उसमें शामिल नहीं हैं क्योंकि उनकी जिम्मेदारियां अलग हैं. मुख्यमंत्री पद पर बदलाव की चर्चाओं के बीच सिद्धारमैया ने शनिवार को कहा था कि यदि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व चाहे तो वह आगे भी मुख्यमंत्री के रूप में काम जारी रख सकते हैं और दो और बजट पेश कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान का होगा और जो भी निर्णय होगा, वह उसका सम्मान करेंगे.
सूत्रों के मुताबिक डीके शिवकुमार के कुछ समर्थक विधायक भी दिल्ली जाने की तैयारी में हैं, ताकि पार्टी नेतृत्व से मुलाकात कर उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर सकें. कर्नाटक विधानसभा का बजट सत्र 27 मार्च तक चलने वाला है. इस बीच शिवकुमार 10 मार्च को कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में अपने 6 साल पूरे होने के मौके पर सभी मंत्रियों, कांग्रेस विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के लिए एक डिनर का आयोजन भी करने वाले हैं. माना जा रहा है कि ये सारी कवायद कर्नाटक में होने वाले संभावित नेतृत्व परिवर्तन को लेकर हो रही है.
aajtak.in