मैट, ग्लॉसी या सैटिन... घर की किस दीवार पर कौन-सा पेंट लगवाना चाहिए?

घर की पुताई/पेंटिंग के लिए मैट, ग्लॉसी या सैटिन में से कौन-सा पेंट चुनना चाहिए? जानें तीनों फिनिश के फायदे-नुकसान, बेडरूम और रसोई के लिए सही पेंट चुनने का तरीका और लेड-फ्री पेंट इस्तेमाल करना क्यों जरूरी है.

Advertisement
इन्टिरियर डिजाइनर ने बताया कि मैट फिनिश बेडरूम और ड्राइंग रूम की दीवारों के लिए अच्छी हो सकती है. ( Photo: ITG) इन्टिरियर डिजाइनर ने बताया कि मैट फिनिश बेडरूम और ड्राइंग रूम की दीवारों के लिए अच्छी हो सकती है. ( Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 18 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:32 AM IST

दिवाली हो या घर की मरम्मत, पुताई कराते समय ज्यादातर लोग दीवारों के लिए सुंदर रंग चुनने पर ध्यान देते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि गलत पेंट चुनने से दीवारों पर दाग साफ करना मुश्किल हो सकता है और उनका लुक भी खराब हो सकता है? इतना ही नहीं, पेंट खरीदते समय यह देखना भी जरूरी है कि वह घर के अंदर इस्तेमाल के लिए सही है या नहीं और उसमें लेड यानी सीसा तो मौजूद नहीं है. खासकर बच्चों वाले घर में लेड-फ्री पेंट चुनना जरूरी है, क्योंकि सीसे के संपर्क में आने से सेहत को नुकसान पहुंच सकता है. तो चलिए जानते हैं FEEL THE SPACE Interior Design Studio की फाउन्डर और इन्टिरियर डिजाइनर प्रीति पाण्डेय से कि घर में कौन सा पेंट लगाना सही होगा.

Advertisement

इन्टिरियर डिजाइनर प्रीति पाण्डेय कहती हैं कि पेंट खरीदते समय सिर्फ रंग देखना काफी नहीं है. यह भी समझना जरूरी है कि मैट, ग्लॉसी और सैटिन फिनिश में क्या अंतर है, किस कमरे में कौन-सा पेंट अच्छा रहेगा, किस पेंट पर दाग आसानी से साफ हो सकते हैं और कौन-सी फिनिश दीवार की छोटी-मोटी कमियों को कम दिखाती है. इसके अलावा, पेंट लगाने से पहले दीवार पर सीलन की जांच करना और पेंट के डिब्बे पर दी गई जानकारी पढ़ना भी जरूरी है. हर छोटी से छोटी चीज आपके घर में चार चांद लगा सकती हैं.

रंग और फिनिश में क्या अंतर है?
प्रीति पाण्डेय ने बताया कि पेंट का रंग बताता है कि दीवार सफेद, क्रीम, पीली, हरी या नीली दिखाई देगी. वहीं, फिनिश बताती है कि पेंट सूखने के बाद दीवार की सतह कैसी दिखेगी. वह बिना चमक वाली होगी, हल्की चमक वाली होगी या फिर रोशनी पड़ने पर ज्यादा चमकेगी. उदाहरण के लिए, अगर आप बेडरूम में क्रीम रंग करवाना चाहते हैं, तो इसी रंग में मैट, सैटिन या ग्लॉसी फिनिश वाला पेंट चुन सकते हैं. रंग एक ही रहेगा, लेकिन फिनिश बदलने से दीवार का लुक अलग हो जाएगा. इसलिए पेंट खरीदते समय रंग के साथ उसकी फिनिश पर भी ध्यान देना जरूरी है.

Advertisement

मैट फिनिश पेंट: सादा और खूबसूरत लुक
मैट फिनिश वाले पेंट में चमक बहुत कम या लगभग नहीं होती. इससे दीवारें सादी और मुलायम लुक वाली दिखाई देती हैं. अगर आपको घर में ज्यादा चमकदमक पसंद नहीं है, तो यह अच्छा विकल्प हो सकता है. इसकी खास बात यह है कि दीवार पर मौजूद छोटी-मोटी ऊंच-नीच और गड्ढे चमकदार फिनिश के मुकाबले कम नजर आते हैं. हालांकि, दीवार की बड़ी कमियों को यह पूरी तरह नहीं छिपाता.

इन्टिरियर डिजाइनर ने बताया कि मैट फिनिश बेडरूम और ड्राइंग रूम की दीवारों के लिए अच्छी हो सकती है. लेकिन कुछ मैट पेंट पर लगे दाग साफ करना मुश्किल होता है. इसलिए अगर घर में छोटे बच्चे हैं या दीवारों पर बार-बार हाथ लगता है, तो ऐसा मैट पेंट चुनें जिसे गीले कपड़े से साफ किया जा सके. इसका सबसे बड़ा फायदा सादा लुक है, जबकि नुकसान यह है कि हर तरह के मैट पेंट की सफाई आसान नहीं होती.

ग्लॉसी फिनिश पेंट: ज्यादा चमक वाली दीवारें
ग्लॉसी फिनिश वाले पेंट की सतह चमकदार होती है. इस पर रोशनी पड़ने से चमक दिखाई देती है. इसकी सफाई करना आमतौर पर आसान होता है. इसका इस्तेमाल दरवाजों, खिड़कियों और लकड़ी के कुछ हिस्सों पर किया जाता है. सही तरह का ग्लॉसी पेंट धातु की कुछ सतहों के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है.

Advertisement

हालांकि, इसकी चमक के कारण दीवार पर मौजूद खरोंच, गड्ढे और ऊंच-नीच जैसी कमियां ज्यादा साफ दिखाई दे सकती हैं. इसलिए इसे लगाने से पहले सतह को अच्छी तरह तैयार करना जरूरी है. अगर आपको सादा और शांत लुक पसंद है, तो पूरे कमरे की दीवारों पर ज्यादा चमक वाला पेंट लगाने से पहले उसके नमूने को जरूर देख लें. इसका फायदा चमकदार लुक और सफाई में आसानी है, जबकि नुकसान यह है कि दीवार की छोटी-मोटी कमियां ज्यादा नजर आ सकती हैं.

सैटिन फिनिश पेंट: हल्की चमक और आसान सफाई
अगर आपको न बिल्कुल सादी दीवार पसंद है और न ही बहुत ज्यादा चमकदार, तो सैटिन फिनिश अच्छा विकल्प हो सकती है. इसमें हल्की चमक होती है, जिससे दीवारें आकर्षक दिखाई देती हैं. इस फिनिश वाले कई पेंट को साफ करना भी आसान होता है, हालांकि यह सुविधा पेंट की गुणवत्ता और उसके प्रकार पर निर्भर करती है.

सैटिन फिनिश बच्चों के कमरे, गलियारे और घर के उन हिस्सों के लिए उपयोगी हो सकती है, जहां दीवारों पर बार-बार हाथ लगता है या दाग पड़ने की आशंका रहती है. रसोई में भी ऐसा पेंट चुना जा सकता है, जिसे साफ करना आसान हो और जो उस जगह के लिए उपयुक्त हो. इसका फायदा हल्की चमक और सफाई में सुविधा है, जबकि नुकसान यह है कि दीवार की कुछ कमियां इसमें भी दिखाई दे सकती हैं.

Advertisement

घर के किस कमरे में कौन-सा पेंट लगवाएं?
इन्टिरियर डिजाइनर प्रीति पाण्डेय ने बताया कि बेडरूम में सादा और शांत लुक चाहिए, तो मैट फिनिश अच्छा ऑप्शन हो सकता है. ड्राइंग रूम में अपनी पसंद और कमरे की रोशनी के हिसाब से मैट या सैटिन फिनिश चुन सकते हैं. बच्चों के कमरे में ऐसा मैट या सैटिन पेंट बेहतर हो सकता है, जिसे गीले कपड़े से साफ करना आसान हो. रसोई के लिए धोने योग्य सैटिन या दूसरी उपयुक्त फिनिश वाला पेंट चुन सकते हैं, क्योंकि वहां तेल और खाने के दाग लगने की आशंका रहती है. गलियारे में भी टिकाऊ और आसानी से साफ होने वाला पेंट उपयोगी रहेगा, क्योंकि इस जगह दीवारों पर बार-बार हाथ लगता है. वहीं, दरवाजों और खिड़कियों के लिए ग्लॉसी या सैटिन फिनिश चुनी जा सकती है. हालांकि, पेंट संबंधित सतह के लिए बना होना चाहिए.

पेंट खरीदते समय लेड-फ्री का ध्यान क्यों रखें?
पेंट खरीदते समय उसकी चमक और रंग के साथ सुरक्षा पर भी ध्यान देना जरूरी है. इसके लिए लेड-फ्री यानी सीसे से मुक्त पेंट चुनें. सीसा एक हानिकारक मेटल है. खासकर पुराने पेंट की परत उखड़ने या उसे घिसने से सीसे वाली धूल बन सकती है, जो शरीर में पहुंचने पर नुकसान पहुंचा सकती है. बच्चों के लिए इसका खतरा ज्यादा गंभीर हो सकता है.

Advertisement

पेंट खरीदते समय डिब्बे पर दी गई जानकारी पढ़ें और निर्माता से पेंट में सीसे की मात्रा से जुड़ी जानकारी या प्रमाण मांगें. केवल कम स्मेल वाला या पानी से साफ होने वाला पेंट होने का मतलब यह नहीं है कि वह लेड-फ्री भी है. इसलिए इस बारे में अलग से पुष्टि करें. पेंट लगवाते समय कमरे में हवा आने-जाने की व्यवस्था रखें और डिब्बे पर दिए गए सुरक्षा निर्देशों का पालन करें.

पेंट लगवाने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
पेंट खरीदने से पहले दीवार की कंडिशन चेक करं . अगर दीवार में सीलन है, तो केवल नया पेंट लगाने से समस्या दूर नहीं होगी. पहले नमी की वजह ठीक कराएं. इसके बाद दीवार की सतह को अच्छी तरह तैयार करवाएं, ताकि पेंट सही तरीके से चिपके और अच्छा फिनिश मिले. इसके अलावा, यह भी देखें कि पेंट घर के अंदर की दीवारों के लिए है या बाहर की. पेंट की सफाई कैसे की जा सकती है, उसे लगाने से पहले किस तरह की तैयारी जरूरी है और वह किस सतह के लिए बना है, इन बातों की जानकारी लें. पेंट खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, टिकाऊपन और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी भी जांचें.

कुल मिलाकर, बेडरूम में सादा लुक चाहिए तो मैट, ज्यादा चमक चाहिए तो ग्लॉसी और हल्की चमक के साथ सफाई में आसानी चाहिए तो सैटिन फिनिश पर विचार कर सकते हैं. लेकिन पेंट खरीदते समय केवल खूबसूरती नहीं, बल्कि उसकी गुणवत्ता, सफाई और सुरक्षा का भी ध्यान रखें. घर की पुताई के लिए लेड-फ्री पेंट चुनें और दीवारों की सीलन जैसी समस्याओं को पहले ठीक कराएं, ताकि घर सुंदर दिखने के साथ सुरक्षित भी रहे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »