उत्तराखंड के नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर क्षेत्र से छेड़छाड़ का एक मामला सामने आया है. यहां बाहरी इलाके से आए दो युवकों पर गांव की युवतियों से अभद्रता करने और फब्तियां कसने का आरोप है. जब युवकों ने बदतमीजी की तो युवतियों ने दोनों का सामना किया और बीच सड़क पर उन्हें पकड़ लिया. इसके बाद उनकी पिटाई कर दी गई.
मामला नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर इलाके का है. आरोप है कि बाहरी इलाके से आए दो युवक गांव की कुछ लड़कियों का पीछा कर रहे थे और उन पर फब्तियां कस रहे थे. शुरुआत में लड़कियों ने इन हरकतों को नजरअंदाज किया. शायद उन्हें लगा होगा कि कुछ देर में ये लोग चले जाएंगे. लेकिन जब अभद्रता बढ़ती गई तो उन्होंने चुप रहने की बजाय जवाब देने का फैसला किया.
यहां देखें Video...
दरअसल, शनिवार सुबह गांव की कुछ युवतियां स्कूल और बाजार की ओर जा रही थीं. तभी दो युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया. आरोप है कि रास्ते भर उन पर अशोभनीय कमेंट किए गए. लेकिन इस बार कहानी डरकर घर लौटने की नहीं थी. लड़कियों ने बीच सड़क दोनों युवकों को रोक लिया.
यह भी पढ़ें: मनचलों की अब खैर नहीं! बिहार में महिलाओं की सुरक्षा की नई ढाल बनी 'अभय ब्रिगेड', स्कूल-कॉलेज से बाजार तक पैनी नजर
कुछ ही देर में वहां शोर मच गया. आसपास के लोग भी इकट्ठा होने लगे. देखते ही देखते पूरा गांव मौके पर पहुंच गया. आरोप है कि युवकों की पिटाई की गई. स्थानीय लोगों का कहना है कि उनका मुंह भी काला किया गया और उन्हें बिच्छू घास भी लगाई गई.
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया. अब वही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो के वायरल होने के बाद लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं. कई लोग लड़कियों के साहस की तारीफ कर रहे हैं. उधर, पुलिस तक भी मामला पहुंच चुका है. पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है. अगर किसी पक्ष की ओर से शिकायत मिलती है, तो सबूतों और जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
लीला सिंह बिष्ट