एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में बुलाए गए पंजाब बंद के दौरान फरीदकोट में तनाव की स्थिति बन गई. यहां लोगों ने बस स्टैंड के बाहर कथित तौर पर नशीले कैप्सूल बेच रहे एक युवक को पकड़ लिया. युवक के पास से कैप्सूल स्ट्रिप मिलने का दावा किया गया है. इसके बाद लोगों ने उसे पकड़कर शहर में मार्च निकाला और पुलिस के हवाले कर दिया. इस दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर प्रदर्शनकारियों और अधिकारियों के बीच बहस भी हुई.
घटना गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे की है. जल जीवन बचाओ मोर्चा के सदस्यों को सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के पास एक युवक नशीले कैप्सूल बेच रहा है. इसके बाद संस्था के सदस्य मौके पर पहुंचे और युवक को पकड़ लिया. उनके मुताबिक, युवक के पास से कैप्सूल के स्ट्रिप बरामद हुए.
युवक को पकड़ने के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई. इसके बाद कुछ लोग आरोपी युवक को लेकर शहर में मार्च निकालने लगे. जब प्रदर्शनकारी थाना सिटी के पास पहुंचे, तो थाना प्रभारी राजवंत सिंह युवक को थाने ले जाने लगे. इस पर प्रदर्शनकारियों ने विरोध किया और मौके पर तनाव बढ़ गया.
हालात को देखते हुए पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों के साथ धरनास्थल पर पहुंचे. बाद में एसपी जसप्रीत सिंह भी मौके पर पहुंचे. उनकी मौजूदगी में युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया. इस दौरान कुछ लोगों ने युवक को थप्पड़ भी मारे.
संगठन ने आरोप लगाया कि युवक खुलेआम नशीले कैप्सूल बेच रहा था. उन्होंने दावा किया कि पूछताछ के दौरान युवक ने उसे कैप्सूल सप्लाई करने वाले दो लोगों के बारे में जानकारी दी. संस्था के सदस्यों ने पुलिस से मांग की कि युवक के साथ-साथ नशीले कैप्सूल सप्लाई करने वालों को भी गिरफ्तार किया जाए और पूरे नेटवर्क की जांच की जाए.
फरीदकोट के एसपी जसप्रीत सिंह ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिया कि पकड़े गए युवक के साथ-साथ उसे नशीले कैप्सूल सप्लाई करने वालों की भी जांच की जाएगी. उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी.
प्रेम कुमार पासी