गोवा में आम आदमी पार्टी (AAP) के सह-प्रभारी दीपक सिंगला की गिरफ्तारी के बाद सियासत गरमा गई है. AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इस कार्रवाई को लेकर बीजेपी पर सीधा हमला बोला है. केजरीवाल ने दावा किया कि दीपक सिंगला को किसी गलत काम की वजह से नहीं, बल्कि बीजेपी में शामिल होने से इनकार करने की वजह से गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने कहा कि जो लोग बीजेपी के खिलाफ काम करते हैं, एजेंसियों के जरिए उन्हें निशाना बनाया जाता है.
केजरीवाल ने कहा, 'दीपक सिंगला ने बीजेपी में जाने से मना कर दिया, इसलिए उन्हें गिरफ्तार किया गया. उन्होंने कोई गलत काम नहीं किया है. वह बहादुरी से अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं.' इसी दौरान उन्होंने पंजाब के नेता संजीव अरोड़ा का जिक्र करते हुए कहा कि वह भी दबाव के आगे नहीं झुके और पूरे पंजाब को उन पर गर्व है.
केजरीवाल ने इस दौरान पंजाब के नेता संजीव अरोड़ा का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि 'संजीव अरोड़ा बहुत बहादुर और देशभक्त हैं. पूरे पंजाब को उन पर गर्व है.' केजरीवाल का कहना था कि जो नेता दबाव के बावजूद अपने फैसले पर कायम रहते हैं, उन्हें एजेंसियों के जरिए निशाना बनाया जाता है.
उधर, गोवा प्रभारी और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने भी बीजेपी और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. आतिशी ने कहा कि देश में नीट पेपर लीक, महंगाई और गिरते रुपये जैसे बड़े मुद्दे हैं, लेकिन सरकार का पूरा ध्यान विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई करने में लगा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सोमवार को ईडी ने दीपक सिंगला के खिलाफ कार्रवाई इसलिए की क्योंकि वह गोवा में बीजेपी के खिलाफ मजबूत संगठन तैयार कर रहे थे.
गोवा चुनाव से पहले ED कार्रवाई पर AAP का हमला
आतिशी ने दावा किया कि बीजेपी चुनावी राज्यों में केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है. उन्होंने कहा कि पहले बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ ईडी का इस्तेमाल हुआ, फिर पंजाब में AAP नेताओं पर दबाव बनाया गया और अब गोवा को निशाना बनाया जा रहा है. उनके मुताबिक, जो नेता बीजेपी में शामिल हो जाते हैं, उन पर कार्रवाई रुक जाती है, लेकिन जो मना करते हैं, वे जांच एजेंसियों के घेरे में आ जाते हैं.
आतिशी ने यह भी आरोप लगाया कि गोवा में सिर्फ बड़े नेताओं ही नहीं, बल्कि पार्टी के कई कार्यकर्ताओं के घरों पर भी छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई चुनावी डाटा और संगठन को कमजोर करने की कोशिश है. हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि AAP इससे डरने वाली नहीं है और पार्टी गोवा में चुनाव लड़ती रहेगी.
aajtak.in