तमिलनाडु की राजनीति में सरकार गठन को लेकर जारी हलचल के बीच थलपति विजय को बड़ा राजनीतिक समर्थन मिला है. वामपंथी दलों कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI), सीपीएम, वीसीके और IUML ने विजय की टीवीके को समर्थन देने का फैसला किया है. इस तरह विजय की टीवीके जो 108 सीटों के साथ बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी, अब उसे बहुमत का आंकड़ा भी मिल गया है.
किस पार्टी से मिली कितनी सीटें?
इस तरह अब 118 के जादुई आंकड़ों पर बात करें तो विजय के पास 108 सीटें हैं. लेकिन विजय दो सीटों पर जीते थे. वहीं कांग्रेस के समर्थन से उन्हें कांग्रेस की पांच सीटें मिल गईं. इस तरह विजय के पास 113 सीटों का आंकड़ा हुआ. अब सीपीआई के दो विधायक, सीपीएम के दो विधायक और वीसीके के भी दो विधायक विजय की टीवीके के साथ हैं. देर शाम IUML ने भी थलपति विजय को समर्थन देने की घोषणा कर दी. इस तरह इन पांच दलों के समर्थन से विजय के पास बहुमत का जादुई आंकड़ा न सिर्फ पूरा हो गया है बल्कि उससे बढ़कर भी हो गया.
तमिलिगा वेट्री कझगम (TVK) - 108
इंडियन नेशनल कांग्रेस (INC)- 5
कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI) - 2
कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) (CPM) - 2
विदुथलाई चिरिथागकुल काची (वीसीके) - 2
टोटल - 119
देर शाम इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने दिया समर्थन - 2
टोटल- 121
बता दें कि थलपति विजय अब चार नहीं बल्कि पांच राजनीतिक दलों के सहयोग से सरकार बनाने जा रहे हैं. उनकी पार्टी तमिलिगा वेट्री कझगम (TVK) को अब कई दलों का खुला समर्थन मिला है. जानकारी के मुताबिक, आधारव अर्जुन पट्टिनपक्कम स्थित विजय के आवास पहुंचे थे. वहीं CPI की वर्किंग कमेटी की बैठक में TVK को समर्थन देने का फैसला लिया गया है.
सीपीआई और वीसीके से भी मिला समर्थन
इसके अलावा CPI(M) की राज्य कमेटी की बैठक में भी विजय की पार्टी को समर्थन देने पर सहमति बनी है. सूत्रों के अनुसार, विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) ने भी TVK का समर्थन करने पर हामी भर दी है. बताया जा रहा है कि इन सभी दलों के नेता शाम 4:30 बजे संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं. माना जा रहा है कि इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में विजय को समर्थन देने का औपचारिक ऐलान किया जाएगा. तमिलनाडु में त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति के बीच यह घटनाक्रम सरकार गठन की दिशा में अहम माना जा रहा है.
सबसे पहले कांग्रेस ने दिया था समर्थन
बता दें कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में बड़ा जनसमर्थन पाने के बावजूद थलपति विजय की सीवीके सरकार बनाने से 10 कदम दूर थी. वजह थी कि टीवीके सबसे बड़ी पार्टी तो बनकर उभरी लेकिन स्पष्ट बहुमत न मिल पाने के कारण सरकार का गठन नहीं कर सकी. इसके बाद कांग्रेस ने टीवीके को समर्थन दिया था.
थलपति विजय इस समर्थन के साथ राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात करने पहुंचे थे. तब राज्यपाल ने उन्हें लौटा दिया था और 118 हस्ताक्षर लाने को कहा था. इसके बाद थलपति विजय गुरुवार को एक बार फिर राज्यपाल के पास पहुंचे, लेकिन राज्यपाल अपनी 118 हस्ताक्षर की बात पर अड़े रहे और दोबारा उन्हें खाली हाथ लौटा दिया. सूत्रों के मुताबिक विजय ने तब उनसे बहुमत का आंकड़ा जुटाने के लिए समय मांगा था.
दरअसल, राज्यपाल का तर्क था कि वह इसलिए फ्लोर टेस्ट की अनुमति नहीं दे रहे हैं ताकि कोई अस्थिर सरकार न बने. यह फैसला राज्यपाल के विवेकाधिकार का होता है और संविधान उन्हें इसकी शक्ति देता है. हालांकि राज्यपाल के इस फैसले को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं भी हो रही थीं. वहीं उनके फैसले की आलोचना भी हो रही थी. कानूनी एक्सपर्ट इसे लेकर एकराय थे कि फ्लोर टेस्ट विधानसभा के पटल पर होना चाहिए, न कि लोकभवन में.
देर शाम IUML ने भी दिया समर्थन
सरकार गठन को लेकर जारी राजनीतिक हलचल के बीच देर शाम इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने भी थलपति विजय की पार्टी टीवीके को समर्थन देने का ऐलान किया है. पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि तमिलनाडु में स्थिर और धर्मनिरपेक्ष सरकार के गठन के लिए टीवीके को समर्थन दिया जाएगा.
आईयूएमएल के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर केएम कादर मोहिद्दीन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पार्टी ने मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा के बाद यह फैसला लिया है. बयान के अनुसार, भाजपा विरोधी और लोकतांत्रिक ताकतों को एकजुट रखने के उद्देश्य से यह समर्थन दिया जा रहा है. इससे पहले CPI, CPM और VCK भी विजय को समर्थन देने का फैसला कर चुके हैं. ऐसे में टीवीके के लिए सरकार गठन का रास्ता और मजबूत होता दिख रहा है.
खैर, अब विजय ने चार पार्टियों के साथ पोस्ट पोल अलायंस (चुनाव बाद गठबंधन) कर लिया है और इस तरह सरकार बनाने के लिए जरूरी 118 का जादुई नंबर उनके पक्ष में है. जल्द ही वह सभी गठबंधन दलों के साथ फिर से राज्यपाल से मुलाकात करेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करने वाले हैं.
राज्यपाल ने दिया सरकार बनाने का न्योता, थलपति विजय कल लेंगे शपथ
TVK प्रमुख विजय कल सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे और इसके साथ ही राज्य को नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा. शुक्रवार देर शाम प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें सरकार बनाने का न्योता दिया. राज्यपाल भवन में हुई मुलाकात के बाद विजय ने इस ऐतिहासिक जिम्मेदारी को स्वीकार किया. मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी शामिल होंगे.
प्रमोद माधव