कोलकाता कांड के बाद उबाल, आज से देशभर में OPD सेवाएं बंद करने का ऐलान, हड़ताल पर रहेंगे डॉक्टर

इस बीच इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखकर महिला डॉक्टर के साथ हैवानियत की घटना के संबंध में तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया है. IMA ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है.

Advertisement
कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के गेट पर जूनियर डॉक्टर, नर्स और मेडिकल स्टाफ प्रदर्शन करते हुए. कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के गेट पर जूनियर डॉक्टर, नर्स और मेडिकल स्टाफ प्रदर्शन करते हुए.

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 13 अगस्त 2024,
  • अपडेटेड 12:50 PM IST

फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) ने मंगलवार 13 अगस्त से देशव्यापी विरोध और ओपीडी और वैकल्पिक सेवाओं को बंद करने का आह्वान किया है. यह विरोध 9 अगस्त को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक महिला स्नातकोत्तर प्रशिक्षु (PGT) डॉक्टर के यौन उत्पीड़न और हत्या के बाद किया गया है. 

FAIMA ने X पर पोस्ट किया, 'हम पूरे भारत में विरोध कर रहे डॉक्टरों के साथ खड़े हैं! हम पूरे देश के डॉक्टरों को आज से इस विरोध में शामिल होने का आह्वान करते हैं! हम न्याय चाहते हैं!' 

Advertisement

इस बीच इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिखकर महिला डॉक्टर के साथ हैवानियत की घटना के संबंध में तत्काल कार्रवाई करने का आग्रह किया है. IMA ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि दोषियों को न्याय के कटघरे में लाया जाए. साथ ही, एसोसिएशन ने उन परिस्थितियों की विस्तृत जांच की मांग की है, जिनके कारण ऐसा अपराध हुआ. 

IMA ने तत्काल सुधारों की आवश्यकता पर जोर देते हुए यह अनुरोध किया कि कार्यस्थल पर डॉक्टरों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कदम उठाए जाएं. 

इस मामले में अब तक क्या हुआ?
शुक्रवार को अस्पताल के सेमिनार हॉल में एक महिला डॉक्टर का शव मिलने के बाद कोलकाता में उबाल जारी है. सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात 31 वर्षीय पोस्टग्रेजुएट ट्रेनी डॉक्टर के साथ गुरुवार रात कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया गया और उसकी हत्या कर दी गई. अधिकारियों ने चेस्ट मेडिसिन विभाग के सेमिनार हॉल में द्वितीय वर्ष की छात्रा का अर्धनग्न शव बरामद किया, जिस पर कई चोटों के निशान थे.

Advertisement

बढ़ते जनाक्रोश के बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि अगर पुलिस रविवार तक इस मामले को नहीं सुलझाती है तो वह मामले को सीबीआई को सौंप देंगी.

उधर, प्रदर्शनकारी छात्रों ने मामले को सुलझाने के लिए सात दिन की समयसीमा तय करने के लिए मुख्यमंत्री की आलोचना की और इस बात पर जोर दिया कि तत्काल कार्रवाई की जरूरत है. उन्होंने न्यायिक जांच, दोषियों को मृत्युदंड, पीड़ित परिवार को पर्याप्त मुआवजा और अस्पतालों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की मांग की.

कोलकाता हाई कोर्ट में तीन जनहित याचिकाएं दायर की गई हैं, जिसमें मांग की गई है कि जांच सीबीआई को सौंपी जाए. मुख्य न्यायाधीश टीएस शिवगनम की अगुवाई वाली एक खंडपीठ मंगलवार को इन जनहित याचिकाओं पर सुनवाई करेगी.

क्या है पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में? 
इस रिपोर्ट में हत्या, मौत से पहले की प्रकृति और सेक्सुअल पेनेट्रेशन की बात की कही गई है. इसमें बताया गया है कि पीड़िता की हत्या गला घोंटकर हुई थी. उससे पहले उसके साथ बलात्कार हुआ था. आरोपी ने दो बार उसका गला घोंटा था. उसकी मौत सुबह 3 से 5 बजे के बीच हुई थी. 

शराब पीकर अश्लील फिल्में देखने का आदी था आरोपी 
आरोपी भी गिरफ्त में है वहीं, पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी अपराधी संजय रॉय शराब पीते हुए अश्लील फिल्में देखने का आदी था. वारदात वाली रात वो अस्पताल के अंदर कई बार आया गया था. आरोपी से पूछताछ, परिस्थितिजन्य साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कई सनसनीखेज बातें सामने आई हैं. पुलिस पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के जरिए इस पूरे मामले की टाइमलाइन सामने आई है, साथ ही यह भी कि अब तक जांच किस नतीजे पर पहुंची है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »