राहुल गांधी समेत सभी विपक्षी सांसद राजघाट से निकले, अब कल 'हल्लाबोल' की तैयारी

राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रियंका गांधी समेत विपक्षी नेताओं ने गुरुवार को लगातार तीसरे दिन चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया. विपक्ष के राजघाट जाने के ऐलान के बाद दिल्ली पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी थी. देर शाम सभी विपक्षी सांसद राजघाट से वापस लौट गए.

Advertisement
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर बेहद गंभीर आरोप लगाए. (Photo- Screengrab) राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर बेहद गंभीर आरोप लगाए. (Photo- Screengrab)

मौसमी सिंह / सुशांत मेहरा

  • नई दिल्ली,
  • 08 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 6:59 PM IST

चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA ब्लॉक का विरोध प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा. गुरुवार को राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी सांसद राजघाट पहुंचे और धरना प्रदर्शन किया. इसके बाद देर शाम विपक्षी सांसद वहां से रवाना हो गए. अब बताया जा रहा है कि INDIA ब्लॉक अब शुक्रवार को एक बार फिर मार्च निकाल सकता है.

Advertisement

कल होने वाले विरोध प्रदर्शन में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शामिल हो सकती हैं. टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने इस बात की पुष्टि की है. आजतक से बातचीत में उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी दिल्ली में हैं और वह शुक्रवार को होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगी. उन्होंने बताया कि INDIA ब्लॉक के वरिष्ठ नेता भी इस मार्च में हिस्सा लेंगे.

राजघाट से लौटने के बाद अब शुक्रवार के कार्यक्रम पर सबकी नजर है. INDIA ब्लॉक के कई और वरिष्ठ नेताओं के मार्च में शामिल होने की संभावना है. ऐसे में शुक्रवार का विरोध प्रदर्शन विपक्षी एकता के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है. हालांकि मार्च का अंतिम कार्यक्रम, रूट और प्रदर्शन की जगह को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.

बता दें कि गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार दोपहर लगभग 1:45 बजे कनॉट प्लेस के एक रेस्टोरेंट में विपक्षी सांसदों और प्रमुख नेताओं को दूसरे दिन भी लंच पर आमंत्रित किया था. इस लंच में कांग्रेस के अलावा तृणमूल कांग्रेस के अभिषेक बनर्जी, साकेत गोखले, समीरुल इस्लाम, समाजवादी पार्टी के राजीव राय, मोहिबुल्लाह, सीपीआईएम के जॉन ब्रिटास, सीपीआई के पी. संदोष और आरजेडी के सुधाकर सिंह सहित कई अन्य दलों के सांसद शामिल हुए.

Advertisement

लंच के बाद सभी नेता रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी बसों में सवार होकर राजघाट के लिए रवाना हुए. इस दौरान राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे जिस बस में सवार थे, उस पर कुछ सांसद ऊपर चढ़ गए और हाथों में तिरंगा लहराते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. विपक्ष के राजघाट जाने के ऐलान के बाद दिल्ली पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी थी. राजघाट पर भीड़ जुटाने को लेकर निषेधाज्ञा लागू किए जाने की जानकारी सामने आई. मध्य दिल्ली में पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की गई थी. राजघाट पहुंचने के बाद विपक्षी सांसदों ने करीब 2 घंटे तक धरना दिया और गांधी स्मारक पर प्रार्थना की.

देश को हाईजैक किया गया: राहुल गांधी

राजघाट रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर बेहद गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि करीब 300 विपक्षी सांसद शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहते हैं, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार उनके लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है.

राहुल गांधी ने सीधा हमला बोलते हुए कहा, 'सच्चाई यह है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने एक आपराधिक साजिश के तहत देश को हाईजैक कर लिया है. उन्होंने संविधान को नष्ट कर दिया है और जनता के वोट चुराए हैं.' 

Advertisement

उन्होंने आगे जोर देकर कहा कि इस साजिश में शामिल सभी लोगों को कानून के दायरे में लाकर इंसाफ के कटघरे में खड़ा किया जाएगा.

इनको सद्बुद्धि दे ईश्वर: खड़गे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि विपक्षी सांसद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर जाकर शांतिपूर्ण प्रार्थना करेंगे. खड़गे ने कहा, 'हम वहां बैठकर प्रार्थना करेंगे कि ईश्वर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को सद्बुद्धि दे. भाजपा सरकार देश के नागरिकों से उनका वोट देने का अधिकार छीन रही है. गांधीजी, नेहरूजी और सरदार पटेल जी ने जो आजादी हमें दिलाई थी, उसे यह सरकार छीनने में लगी है.'

तीन दिन से जारी है विरोध प्रदर्शन

बता दें कि विपक्षी सांसदों का यह विरोध प्रदर्शन लगातार तीन दिन से जारी है. 6 अक्टूबर को राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों ने जंतर-मंतर की ओर बढ़ने की कोशिश की, जहां पुलिस ने उन्हें रोक दिया. इसके बाद सांसदों ने आकाशवाणी भवन परिसर के अंदर प्रवेश कर आठ घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया.

इसके बाद 7 अक्टूबर को खड़गे के लंच के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई सांसदों ने जंतर-मंतर और शांगरी-ला होटल के पास प्रदर्शन किया. पुलिस ने धक्का-मुक्की के बाद राहुल और प्रियंका को हिरासत में ले लिया और करीब दो घंटे बाद रिहा किया. इस घटनाक्रम को लेकर दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर एफआईआर (FIR) भी दर्ज की है. 

Advertisement

अब 8 अक्टूबर को तीसरे दिन भी विपक्षी सांसदों ने राजधान में हल्लाबोल जारी रखा. पुलिस की रोक-टोक को देखते हुए विपक्षी नेताओं ने तीसरे दिन रणनीति बदलते हुए महात्मा गांधी की समाधि 'राजघाट' पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन का रास्ता चुना. हालांकि देर शाम को विपक्षी सांसद यहां से भी वापस लौट गए.

गौरतलब है कि विपक्ष का आरोप है कि चुनाव आयोग की ओर से वोटर लिस्ट के SIR को लेकर पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है और इससे बड़ी संख्या में वोटर्स के नाम हटाए जा रहे हैं. विपक्षी दल इसी मुद्दे को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं. हालांकि चुनाव आयोग और बीजेपी ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया है.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »