ओडिशा के नबरंगपुर जिले से एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. घटना डाबुगांव थाना क्षेत्र की है. यहां 12 वर्षीय एक नाबालिग लड़के ने अपनी 4 वर्षीय रिश्तेदार बालिका के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया. घटना के बाद बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई. घटना की जानकारी देते हुए पुलिस और स्थानीय सूत्रों ने बताया कि बालिका अपने घर के पास खेल रही थी. आरोप है कि उसी दौरान गांव का ही 12 वर्षीय लड़का, जो बालिका का रिश्तेदार भी है, वहां पहुंचा और बालिका के साथ यौन शोषण किया.
अस्पताल में भर्ती है पीड़ित बच्ची
कुछ देर बाद बालिका के पिता ने अपनी बेटी को खून से लथपथ हालत में देखा. वे तुरंत उसे लेकर डाबुगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. चिकित्सकों ने बालिका की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए नबरंगपुर जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर कर दिया. बालिका को वहां भर्ती कराया गया है.
डॉक्टरों के अनुसार, बालिका की चोटें काफी गंभीर हैं और उसका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही बालिका के पिता ने डाबुगांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया.
पुलिस ने दी मामले की जानकारी
आरोपी 12 वर्षीय नाबालिग को गुरुवार सुबह पकड़ लिया गया. उसे पुलिस स्टेशन लाकर पूछताछ की जा रही है. डाबुगांव पुलिस स्टेशन की प्रभारी अधिकारी लछमी पराजा इस पूरे मामले की निगरानी कर रही हैं. इस मामले पर एसडीपीओ ने बताया, 'डाबुगांव पुलिस स्टेशन में सुबह एक नाबालिग बालिका से रेप का मामला दर्ज किया गया है.
डाबुगांव आईआईसी ने केस नंबर 160/26 दर्ज किया है. आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 62, 65(2), 486 तथा पोक्सो एक्ट की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं. आगे की जांच चल रही है.' पुलिस ने बताया कि दोनों ही बच्चे एक ही गांव के रहने वाले हैं और आरोपी बालिका का रिश्तेदार है. प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि घटना घर के पास के खुले इलाके में हुई.
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है. स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की मांग की है. बालिका के परिवार में शोक का माहौल है. परिजनों ने कहा कि बच्ची अभी भी सदमे में है और उसका स्वास्थ्य लगातार निगरानी में है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में कोई भी पक्षपात नहीं बरता जाएगा और दोषी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी.
aajtak.in