मध्य प्रदेश बीजेपी के सबसे कद्दावर नेताओं और पार्टी के वफादार माने जाने वाले नेताओं में से एक पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा से क्या बीजेपी नेताओं का भरोसा उठ रहा है? राजनीतिक हलकों में यह प्रश्न आजकल हवा में तैर रहा है. खासकर गुरुवार को बीजेपी कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद यह सवाल यक्ष प्रश्न बन गया है कि नरोत्तम मिश्रा पर पार्टी और भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी कितना भरोसा कर रहे हैं.
दरअसल, जब होटल रतन रॉयल में कार्यकर्ताओं की बैठक चल रही थी तो नरोत्तम मिश्रा ने केवल यह कहकर अपनी बात खत्म नहीं कि मैं आशुतोष का प्रचार करूंगा. उन्होंने कहा, ''मैं पीतांबरा माई की कसम खाता हूं कि मैं आशुतोष तिवारी के साथ हूं. मैं पूरी निष्ठा और मन से आशुतोष का प्रचार करूंगा और आप सभी कार्यकर्ता भी आज से ही प्रचार में जुट जाएं.''
एकतरफा नहीं, दोनों तरफ है अविश्वास की खाई!
दिलचस्प बात यह रही कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा केवल खुद कसम खाकर नहीं रुके. उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए सीधे प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की तरफ इशारा किया और कहा कि 'मैं आशुतोष से भी निवेदन करता हूं कि वे भी माई को साक्षी मानकर कहें कि वे कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में हमेशा साथ रहेंगे.'
इसके बाद आशुतोष तिवारी को भी मंच पर आकर मां पीतांबरा की कसम खानी पड़ी. उन्होंने कहा कि वे हमेशा हर वक्त कार्यकर्ताओं के साथ खड़े दिखेंगे. देखें VIDEO:-
क्या दोनों नेता एक-दूसरे पर भरोसा नहीं कर रहे?
इससे राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का बाजार गर्म है कि बीजेपी नेता नरोत्तम मिश्रा पर भरोसा नहीं कर रहे हैं क्या? क्या आशुतोष तिवारी भी यह मान रहे हैं कि नरोत्तम मिश्रा का टिकट कट गया इसलिए वे प्रचार नहीं करेंगे? क्या दोनों नेता एक दूसरे पर भरोसा नहीं कर रहे हैं?
दतिया की इस बैठक के बाद यह साफ हो गया है कि दोनों नेताओं के बीच 'सबकुछ सामान्य' तो कतई नहीं है. भले ही मंच से एकजुटता के नारे लगाए जा रहे हों, लेकिन 'मां पीतांबरा की कसम' दिलवाने की नौबत आना ही इस बात का सबसे बड़ा प्रमाण है कि दोनों पक्षों में गहरे स्तर पर भरोसे की कमी है.
आशुतोष तिवारी को जहां 'भीतरघात' की आशंका सता रही है, वहीं नरोत्तम मिश्रा अपनी राजनैतिक प्रासंगिकता और वफादारी पर उठ रहे सवालों का जवाब देने के लिए इस तरह के भावुक कार्ड खेलने को मजबूर हैं.
अशोक शर्मा