एजेंसी के बाहर लंबी कतारें, तो कहीं चोर ही ले उड़े सिलेंडर... देशभर में LPG संकट के साथ पैनिक बाइंग

सुबह होने से पहले ही लाइन में लगना, घंटों इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटना और अब सिलेंडर चोरी की खबरें- देशभर में रसोई गैस का संकट आम लोगों की जिंदगी पर सीधा असर डाल रहा है. कई जगहों पर लंबी कतारें दिख रही हैं. इस बीच पैनिक बाइंग ने हालात को और बिगाड़ दिया है, जबकि सरकारें दावा कर रही हैं कि सप्लाई पर्याप्त है.

Advertisement
सिलेंडर के लिए चंडीगढ़ में लग रही लाइन. (Photo: Screengrab) सिलेंडर के लिए चंडीगढ़ में लग रही लाइन. (Photo: Screengrab)

असीम बस्सी / दीपेश त्रिपाठी

  • नई दिल्ली/चंडीगढ़/मुंबई,
  • 28 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 2:01 PM IST

देश के अलग-अलग हिस्सों से जो तस्वीरें सामने आ रही हैं, उनमें दिख रहा है कि लोग गैस के लिए कतारों में लगे हैं, कहीं प्रदर्शन हो रहे हैं तो कहीं सिलेंडर चोरी हो रहे हैं. चंडीगढ़ से लेकर कोलकाता, दिल्ली से लेकर अरुणाचल और बिहार तक- हर जगह लोगों को LPG सिलेंडर के लिए जूझना पड़ रहा है.

देश के अलग-अलग हिस्सों से आ रही तस्वीरें अलग ही कहानी बयां कर रही हैं- रसोई गैस को लेकर बढ़ती किल्लत, लंबी कतारें और लोगों की बढ़ती बेचैनी. कहीं लोग सुबह 5 बजे से लाइन में लगे हैं, तो कहीं गैस सिलेंडर के साथ सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं. 

Advertisement

चंडीगढ़ की बात करें तो यहां गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं. लोग खाली सिलेंडर लेकर घंटों इंतजार कर रहे हैं, लेकिन कई बार नंबर आने तक स्टॉक खत्म हो जाता है. कई परिवारों का कहना है कि वे अब खाना बनाने के लिए लकड़ी या वैकल्पिक साधनों का सहारा लेने को मजबूर हैं. आमतौर पर घर तक डिलीवरी मिलने वाली गैस अब खुद एजेंसी जाकर लानी पड़ रही है, जिससे बुजुर्ग और कामकाजी लोगों को ज्यादा दिक्कत हो रही है.

यहां देखें Video...

मुंबई: किल्लत के बीच 27 सिलेंडर चोरी, संकट और गहराया

मुंबई में गैस किल्लत के बीच चोरी की घटना ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है. कांदिवली इलाके में एक टेम्पो से 27 गैस सिलेंडर चोरी हो गए. पुलिस के अनुसार, चोरों ने टेम्पो का लॉक तोड़कर सिलेंडर गायब कर दिए. इस घटना ने न सिर्फ सप्लाई चेन पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि ब्लैक मार्केटिंग की आशंका भी बढ़ा दी है. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है.

Advertisement

दिल्ली: 12 घंटे तक इंतजार, तब मिला सिलेंडर

राजधानी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके से शुक्रवार को खबर आई कि यहां लोगों को एक सिलेंडर के लिए 10-12 घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है. सुबह 5 बजे से लाइन में लगने वाले लोगों को शाम तक गैस मिलती है.

दिल्ली: MCD में हंगामा, LPG बना सियासी मुद्दा

राजधानी दिल्ली में LPG संकट सियासत का बड़ा मुद्दा बन गया है. MCD हाउस की बैठक के दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षदों ने 'LPG गायब' लिखे पोस्टर लेकर जोरदार प्रदर्शन किया.

विपक्ष का आरोप है कि गैस की कमी से आम आदमी की रसोई ठंडी पड़ रही है, लेकिन सरकार इस पर गंभीर चर्चा से बच रही है. वहीं मेयर ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि विपक्ष जानबूझकर बैठक में व्यवधान डालता है.

हरियाणा: सरकार ने कहा- कोई कमी नहीं, पैनिक बाइंग से बचें

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हालात को लेकर स्पष्ट कहा कि राज्य में गैस, पेट्रोल या डीजल की कोई कमी नहीं है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे घबराकर अतिरिक्त खरीदारी न करें.

सरकार के अनुसार, राज्य में रोजाना करीब 2 लाख LPG सिलेंडर की सप्लाई हो रही है और लगभग उतने ही वितरित भी किए जा रहे हैं. इसके अलावा ब्लैक मार्केटिंग और जमाखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सैकड़ों सिलेंडर जब्त किए गए हैं. सरकार का दावा है कि हालात सामान्य हैं.

Advertisement

मोतिहारी: गैस नहीं मिली तो सड़क जाम, लोगों का फूटा गुस्सा

बिहार के मोतिहारी में गैस संकट ने लोगों को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर कर दिया. शुक्रवार को यहां उपभोक्ताओं ने गैस सिलेंडर बीच सड़क पर रखकर घंटों जाम लगा दिया. प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि कई दिनों से बुकिंग के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा. 

यह भी पढ़ें: हाथ में बेलन और खाली सिलेंडर... गैस किल्लत पर महिलाओं का फूटा गुस्सा, सड़कों पर उतरकर किया प्रदर्शन

दिलचस्प बात यह है कि मोबाइल पर डिलीवरी के मैसेज आ रहे हैं, लेकिन गैस नहीं मिल रही, जिससे लोगों में भ्रम और गुस्सा दोनों बढ़ रहे हैं. हालात इतने बिगड़े कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाना पड़ा. बाद में प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों पर भी सख्त कदम उठाए.

जयपुर: महंगाई और गैस किल्लत पर कांग्रेस का प्रदर्शन

राजस्थान की राजधानी जयपुर में गैस सिलेंडर की कमी और बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया. नेताओं का कहना है कि जब राजधानी में ही लोगों को गैस नहीं मिल रही, तो बाकी इलाकों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है. विपक्ष ने इसे सरकार की नीतिगत विफलता बताया और आम आदमी की रसोई पर बढ़ते बोझ को बड़ा मुद्दा बनाया.

Advertisement

कोलकाता और हावड़ा: ऑटो चालकों पर असर, रातभर लाइन

पश्चिम बंगाल में LPG और CNG संकट का असर सीधे आम लोगों की रोजी-रोटी पर पड़ रहा है. कोलकाता में ऑटो चालक गैस भरवाने के लिए दिन-रात लाइन में खड़े हैं. उनका कहना है कि गैस नहीं मिलने से उनकी आमदनी आधी हो गई है. हावड़ा में भी यही हाल है, जहां सीमित गैस पंप होने के कारण ऑटो चालक रातभर लाइन लगाकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं, लेकिन फिर भी सभी को गैस नहीं मिल पाती.

अरुणाचल प्रदेश: सुबह 5 बजे से लाइन, 300 सिलेंडर में ही खत्म सप्लाई

अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में हालात गंभीर हैं. यहां लोग सुबह 5 बजे से लाइन में लग रहे हैं, लेकिन सप्लाई सीमित होने के कारण सभी को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा. एक गैस एजेंसी के अनुसार, एक दिन में सिर्फ 300 सिलेंडर पहुंचे, जिससे भारी भीड़ हो गई. लोग बार-बार एजेंसी के चक्कर काटने को मजबूर हैं. महिलाओं का कहना था कि रसोई चलाना मुश्किल हो गया है और लकड़ी जैसे विकल्प भी आसानी से उपलब्ध नहीं हैं.

इस पूरे घटनाक्रम के पीछे सबसे बड़ी वजह मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव माना जा रहा है, जिससे गैस सप्लाई प्रभावित हुई है. हालांकि सरकार का कहना है कि सप्लाई पर्याप्त है, लेकिन अफवाहों और अनिश्चितता के कारण लोग जरूरत से ज्यादा सिलेंडर खरीद रहे हैं. यानी स्थिति दोहरी है- एक तरफ सप्लाई चेन पर दबाव है, दूसरी ओर पैनिक बाइंग ने समस्या को और बढ़ा दिया है.

Advertisement

देशभर से सामने आ रही तस्वीरें संकेत दे रही हैं कि LPG संकट अब सिर्फ एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रहा. चंडीगढ़ की कतारें, मोतिहारी का जाम, जयपुर का प्रदर्शन, दिल्ली की सियासत और कोलकाता-हावड़ा की परेशानी- ये सभी एक समस्या की तस्वीर पेश कर रहे हैं. हालांकि सरकार हालात को कंट्रोल में बताती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement