मॉनसून की सक्रियता के चलते उत्तर भारत के राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने वाली हैं. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में 18 से 23 जुलाई तक गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 19 से 23 जुलाई के बीच इन पहाड़ी क्षेत्रों में कई जगहों पर व्यापक बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है.
हिमाचल प्रदेश में 18 से 23 जुलाई तक बारिश का दौर तेज हो सकता है. राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और जलभराव जैसी स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. उत्तराखंड में भी 18 से 23 जुलाई तक मॉनसून सक्रिय रहेगा और कई जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है.
दिल्ली-NCR, पंजाब और हरियाणा में बारिश का अलर्ट
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 17 से 19 जुलाई के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 20 से 22 जुलाई के दौरान कई इलाकों में व्यापक बारिश की संभावना है.
दिल्ली-NCR में उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. हालांकि कुछ इलाकों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. पंजाब और हरियाणा में भी मॉनसून गतिविधियां बढ़ेंगी और किसानों को बारिश से फायदा मिलने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश में भी बरसेंगे बादल
उत्तर प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम बदलने वाला है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18 जुलाई के दौरान बारिश की संभावना है, जबकि 19 से 23 जुलाई तक कई इलाकों में अच्छी बारिश हो सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 18 से 23 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है.
मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. 19 से 21 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है.
मध्य भारत में तेज होगी बारिश
मध्य भारत के राज्यों में भी मॉनसून सक्रिय रहेगा. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश में 18 से 21 जुलाई तक भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 से 23 जुलाई के बीच बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है. विदर्भ में भी 18 से 23 जुलाई तक बारिश होने की संभावना है. कई जगहों पर आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है.
बिहार, झारखंड और ओडिशा में बारिश का दौर
पूर्वी भारत के राज्यों में भी मॉनसून सक्रिय रहने वाला है. बिहार में 22 से 23 जुलाई के दौरान बारिश हो सकती है. वहीं 18 से 21 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में व्यापक बारिश का अनुमान है. झारखंड और पश्चिम बंगाल में 18 से 23 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
झारखंड में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. ओडिशा में 18 से 23 जुलाई तक कई जगहों पर बारिश हो सकती है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 18 और 19 जुलाई को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना
पूर्वोत्तर राज्यों में मॉनसून का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 18 से 20 जुलाई तक व्यापक बारिश हो सकती है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 18 से 22 जुलाई तक बारिश जारी रहने का अनुमान है. अरुणाचल प्रदेश में 18 जुलाई को बहुत भारी बारिश की संभावना है, जबकि असम और मेघालय में भी कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है.
महाराष्ट्र और पश्चिमी तट पर भी बारिश जारी
महाराष्ट्र के कोंकण और गोवा क्षेत्र में 18 से 23 जुलाई तक व्यापक बारिश की संभावना बनी हुई है. मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी इस दौरान बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार 18 जुलाई को मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. गोवा में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाओं की संभावना जताई गई है.
दक्षिण भारत में भी मॉनसून सक्रिय
दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. केरल, कर्नाटक के तटीय इलाकों और लक्षद्वीप में 18 से 21 जुलाई तक अच्छी बारिश होने की संभावना है. तटीय कर्नाटक में 18 से 23 जुलाई तक व्यापक बारिश का अनुमान है। केरल, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. तेलंगाना में 18 जुलाई को तेज आंधी के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
इन राज्यों में गर्मी और उमस परेशान करेगी
बारिश के बीच कुछ राज्यों में गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति बनी रह सकती है. मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 18 जुलाई को गर्म और उमस वाला मौसम रह सकता है.
मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने, बिजली गिरने की स्थिति में खुले स्थानों से दूर रहने और पहाड़ी इलाकों में यात्रा के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है. अगले कुछ दिनों में देश के बड़े हिस्से में मॉनसून का असर और मजबूत होने की संभावना है.
aajtak.in