Delhi Rain: मॉनसून फिर एक्टिव! दिल्ली-NCR में तेज़ आंधी-तूफान और झमाझम बारिश

10 जुलाई के बाद सुस्त पड़े मॉनसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है. कई मौसम प्रणालियों के एक साथ सक्रिय होने से दिल्ली-एनसीआर में तेज़ बारिश, गरज-चमक और तेज़ हवाओं का दौर शुरू हो गया है.

Advertisement
26 जुलाई तक बारिश का अलर्ट 26 जुलाई तक बारिश का अलर्ट

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 21 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 3:01 AM IST

दिल्ली-एनसीआर में मॉनसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है. कई इलाकों में तेज़ हवाओं और बारिश का सिलसिला जारी है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार राजधानी में 26 जुलाई तक बारिश का लंबा दौर जारी रह सकता है. इस दौरान कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों ने खास तौर पर 21 जुलाई की देर रात से 22 जुलाई की सुबह के बीच कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.

Advertisement

10 जुलाई को हुई जोरदार बारिश के बाद दिल्ली में मौसम अपेक्षाकृत शांत हो गया था और केवल हल्की या छिटपुट बारिश ही देखने को मिल रही थी. रविवार सुबह भी राजधानी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई. सफदरजंग मौसम केंद्र में 5.8 मिमी और लोधी रोड पर 4.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि पालम एयरपोर्ट पर केवल ट्रेस बारिश दर्ज की गई. हालांकि कई इलाकों में बारिश नहीं हुई. अब सोमवार रात में फिर बारिश से उमस भरी से कुछ राहत मिली है.

क्यों अचानक एक्टिव हुआ मॉनसून?

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस बदलाव के पीछे कई मौसमीय प्रणालियां एक साथ सक्रिय हुई हैं. उत्तरी पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ पहुंच चुका है, जबकि राजस्थान की सीमा के पास चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसके अलावा पंजाब, दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं. इन सभी प्रणालियों के असर से मॉनसूनी ट्रफ का पश्चिमी सिरा दक्षिण की ओर खिसककर दिल्ली के आसपास आ गया है.

Advertisement

सबसे अहम बदलाव हवाओं की दिशा में देखने को मिलेगा. पिछले कुछ दिनों से पश्चिमी हवाएं चल रही थीं, लेकिन अब पूर्वी हवाएं बंगाल की खाड़ी से भरपूर नमी लेकर दिल्ली पहुंचेंगी. यही नमी अगले कई दिनों तक लगातार बारिश का कारण बनेगी. फिलहाल मॉनसूनी ट्रफ भी दिल्ली के ऊपर से गुजर रही है, जिससे बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं.

26 जुलाई तक कैसा रहेगा मौसम?

स्काईमेट के अनुसार 20 से 26 जुलाई तक दिल्ली-एनसीआर में लगभग हर दिन बारिश के एक या कई दौर देखने को मिल सकते हैं. आसमान में घने बादल छाए रहेंगे और धूप बहुत कम निकलेगी. इसके कारण अधिकतम तापमान भी सामान्य से नीचे रहेगा. 21 से 26 जुलाई के बीच दिन का तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.

पूरे सप्ताह गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज़ हवाओं के साथ बारिश होती रहेगी. कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं. ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है.

आज का मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, 21 जुलाई को सुबह से दोपहर तक दिल्ली-एनसीआर के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं. शाम तक बारिश की तीव्रता कुछ कम होकर हल्की रह सकती है, लेकिन गरज-चमक और तेज़ हवाओं का असर बना रहेगा.

Advertisement

जुलाई में अब तक सफदरजंग में 138.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है, जबकि पूरे महीने का सामान्य औसत 195.8 मिमी है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले एक सप्ताह में होने वाली बारिश इस कमी को पूरा कर सकती है. पिछले आठ वर्षों से दिल्ली में जुलाई महीने में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है और इस बार भी जुलाई का आंकड़ा सामान्य से ऊपर जाने की प्रबल संभावना है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »