दिल्ली के निहाल विहार इलाके में पारिवारिक विवाद के बाद 31 वर्षीय विनय गुप्ता की कथित तौर पर पिटाई से मौत हो गई. विनय लक्ष्मी पार्क के रहने वाले थे और नोएडा स्थित एडोब में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करते थे.
विनय की शादी करीब साढ़े तीन साल पहले बुध विहार निवासी 31 वर्षीय महिला से हुई थी. दोनों के करीब साढ़े चार महीने के जुड़वां बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और एक बेटी है. विनय की पत्नी गृहिणी हैं.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद हुआ. इसके बाद विनय की पत्नी ने अपने मायके वालों को फोन कर बुलाया, जो निहाल विहार स्थित उनके घर पहुंच गए.
परिवार वालों ने की मारपीट
आरोप है कि घर पहुंचने के बाद पत्नी के परिवार के सदस्यों ने विनय के साथ मारपीट की. इस दौरान लगी चोटों के कारण विनय गुप्ता की मौत हो गई. पुलिस ने इस घटना के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की है. मामले में चार आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया है. मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है. परिजनों का कहना है कि बहू समेत 6-7 लोगों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. सूचना मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
अरविंद ओझा / ओपी शुक्ला