दिल्ली में चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश्वर कुमार के खिलाफ विपक्ष का पारा लगातार चढ़ता जा रहा है. लेकिन आज के प्रदर्शन से पहले 'इंडिया' ब्लॉक के लंच में कई विपक्षी नेताओं की गैर-मौजूदगी पर सवाल उठ रहे हैं. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने इन अटकलों पर सफाई दी है.
मंगलवार को हुए 'इंडिया' गठबंधन के मार्च में तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए थे. हालांकि, आज प्रदर्शन से पहले मल्लिकार्जन खड़गे की तरफ से रखे गए लंच कार्यक्रम में सपा का कोई भी सदस्य शामिल नहीं हुआ.
सूत्रों के हवाले से खबर है कि समाजवादी पार्टी आज के विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं हुई. इसके पीछे वजह ये बताई जा रही है कि पार्टी को इस प्रदर्शन का कोई उचित न्योता नहीं दिया गया था या सही समय पर सूचना नहीं मिली थी.
सपा की गैर-मौजूदगी पर कांग्रेस की सफाई
लंच में कुछ नेताओं के गैर-हाजिर रहने पर अब कांग्रेस की सफाई सामने आई है. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने जवाब देते हुए कहा, 'आज के लंच के लिए INDIA जनबंधन के सभी दलों को आमंत्रित किया गया था. लेकिन लंच का फैसला कल देर रात लिया गया और उसी समय इसकी जानकारी दी गई. इसलिए स्वाभाविक था कि कुछ दलों के प्रतिनिधि इसमें शामिल नहीं हो सके.'
उन्होंने आगे कहा कि कुछ मीडिया संस्थानों में इसे लेकर बेवजह टिप्पणी की जा रही है. INDIA और दूसरे विपक्षी दल वोट चोरी, SIR और परिसीमन के खिलाफ एकजुट हैं और पूरी मजबूती से एक-दूसरे के साथ खड़े हैं.
अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया
वहीं, इस मामले पर अखिलेश यादव ने कहा, 'लंच डिप्लोमेसी कोई एक लंच थोड़ी होगा. आने वाले समय में आपको डिनर डिप्लोमेसी भी सुनने में आ सकती है. टी डिप्लोमेसी सुनाई पड़ सकती है. हम सब लोग बैठकर समोसा खा रहे हो, ये भी सुनाई देगा और फिर कोई नारा समोसे वाला लग जाए तो इसमें कोई खराब बात नहीं है। यह डिप्लोमेसी ऐसी चलती रहेगी.
ममता बनर्जी गुरुवार को आ रहीं दिल्ली
दूसरी तरफ, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश्वर कुमार पर दबाव बनाने के लिए विपक्षी दलों ने एक सप्ताह तक लगातार विरोध प्रदर्शन करने का प्लान तैयार किया है. इसी कड़ी में 'इंडिया' गठबंधन के तमाम बड़े नेता दिल्ली में जुट रहे हैं. 'इंडिया' ब्लॉक की घेराबंदी और विरोध प्रदर्शनों के बीच अब तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी भी गुरुवार को दिल्ली पहुंच रही हैं.
यह भी पढ़ें: AAP नेता हटे तो कांग्रेस वाले डटे! EC के खिलाफ प्रदर्शन में दोनों पार्टियों में 'क्रेडिट वॉर'
ममता बनर्जी का दिल्ली दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब विपक्षी दलों ने आगामी 9 अक्टूबर को एक बड़े मार्च की योजना बनाई है. उनके आने से प्रदर्शन और तेज होने की उम्मीद है.
मौसमी सिंह / अमित भारद्वाज