दिल्ली के कथित शराब घोटाले से जुड़े केस में राउज एवेन्यू कोर्ट ने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत सभी आरोपियों को बरी कर दिया है. केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने इस मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती देने की बात कही है. अरविंद केजरीवाल ने कोर्ट के फैसले को सत्य की जीत बताया है.
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा है- आख़िर में अधर्म और अन्याय हारता है, सच ही जीतता है. अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने कहा है कि इस संसार में कोई कितना भी शक्तिशाली हो जाए, शिव शक्ति से ऊपर नहीं हो सकता. सच की हमेशा जीत होती है.
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने भी शराब घोटाले में कोर्ट के फैसले पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है. भगवंत मान ने कहा है कि आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को दिल्ली की माननीय अदालत ने शराब घोटाले में बरी कर दिया है.
पंजाब के मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में कहा है कि माननीय अदालत के इस फैसले ने सच्चाई को सबके सामने ला दिया है. समय के साथ बाकी सभी मामलों की सच्चाई भी सामने आ जाएगी. आम आदमी पार्टी के पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने कहा कि कोर्ट के फैसले ने यह एक्सपोज कर दिया है कि किस तरह से बीजेपी और केंद्र सरकार ने जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया.
यह भी पढ़ें: शराब घोटाले में केजरीवाल बरी, AAP दफ्तर में ढोल-नगाड़ों के बीच जश्न का माहौल
उन्होंने कहा है कि कोर्ट ने सभी आरोप खारिज कर दिए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि यह आम आदमी पार्टी की नहीं, सच्चाई की जीत है. आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश में ऐसा पहली बार हुआ, जब किसी सीटिंग सीएम को जेल में डाल दिया गया हो. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह को अब माफी मांगनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: केजरीवाल-सिसोदिया पर पूरा फैसला क्या है, सबूतों पर कोर्ट ने क्या कहा, कैसे हुए बरी?
आम आदमी पार्टी के पंजाब अध्यक्ष ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के खिलाफ इस साजिश के लिए माफी मांगनी ही चाहिए. अमन अरोड़ा ने कहा कि अमित शाह पंजाब आ रहे हैं, लेकिन उनकी राजनीति अब एक्सपोज हो गई है. दिल्ली चुनाव को ध्यान में रखते हुए बीजेपी ने केजरीवाल के खिलाफ झूठा नैरेटिव गढ़ा.
यह भी पढ़ें: केजरीवाल पर आरोप, गिरफ्तारी और अब बरी... दिल्ली शराब घोटाले की पूरी टाइमलाइन
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज ने आजतक से बात करते हुए कहा कि इस मामले की जांच से जुड़े सीबीआई के अधिकारियों को इंडिया गेट पर फांसी पर लटका देना चाहिए. उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को तोड़ने के लिए विरोधी नेताओं के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का उपयोग किया जा रहा है.
असीम बस्सी / अमित भारद्वाज