राहुल गांधी समेत INDIA ब्लॉक के 8 नेता सुप्रीम कोर्ट के लिए पैदल मार्च कर रहे हैं. वहीं, देश में खुदरा महंगाई दर सितंबर महीने में जोरदार रफ्तार से बढ़ते हुए 5.54% पर पहुंच गई. इन खबरों के अलावा, बिहार लोक सेवा आयोग ने 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता प्रारंभिक परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया है. पढ़ें सोमवार शाम की बड़ी खबरें
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में INDIA ब्लॉक के नेताओं का सुप्रीम कोर्ट तक पैदल मार्च शुरू हो गया है. राहुल गांधी समेत INDIA ब्लॉक के 8 नेता सुप्रीम कोर्ट के लिए पैदल मार्च कर रहे हैं. इस बीच राहुल गांधी की याचिका सुप्रीम कोर्ट में दाखिल हो गई है और आधिकारिक रूप से रजिस्टर भी हो गई है. इस मार्च में अखिलेश यादव भी शामिल हुए.
दिल्ली में होने वाले मैच पर क्यों उठे सवाल? BCCI सचिव ने बताई सच्चाई
BCCI ने सोमवार को उन खबरों को खारिज कर दिया, जिनमें दावा किया गया था कि भारत और श्रीलंका के बीच आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच दिल्ली से अहमदाबाद शिफ्ट किया जा सकता है. BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्ट किया कि 13 दिसंबर को होने वाले पहले वनडे की मेजबानी दिल्ली को तय नीति के तहत दी गई है और वेन्यू में कोई बदलाव नहीं है.
INDIA गठबंधन के प्रदर्शन के बीच उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका, प्रवक्ता ने दिया इस्तीफा
शिवसेना UBT के प्रवक्ता और हिंदी भाषी चेहरा आनंद दुबे ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि वह पिछले कई महीनों से अंदर ही अंदर परेशान थे और भारी मन से यह फैसला लिया है. दुबे ने कहा कि चुनाव आयोग और SIR को लेकर पार्टी ने जो रुख अपनाया है, वह उससे सहमत नहीं हैं.
Stock Market Crash: ये तीन कारण... फिर क्रैश हुआ शेयर बाजार, इन स्टॉक्स में दिनभर कोहराम
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को शेयर बाजार में गिरावट देखी गई. दिन के अंत में बीएसई का सेंसेक्स 547 अंक टूटकर 71,924 पर बंद हुआ, दूसरी तरफ एनएसई का निफ्टी भी 157 अंक फिसलकर 22,363 के लेवल पर क्लोज हुआ. बाजार में शुरुआती तेजी के बाद दिन के हाई लेवल पर जमकर मुनाफावसूली देखने को मिली, जो बाजार की चाल पर दबाव डालने वाली साबित हुई.
'रणजी ट्रॉफी के साथ खिलवाड़ मत करें...', सुनील गावस्कर ने इंडिया-ए के शेड्यूल पर उठाए सवाल
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने रणजी ट्रॉफी के मौजूदा प्रारूप और घरेलू क्रिकेट के शेड्यूल पर सवाल उठाए हैं. उनका मानना है कि इंडिया-ए के मुकाबले रणजी ट्रॉफी के दौरान नहीं होने चाहिए. सुनील गावस्कर ने मिड-डे में अपने कॉलम में रणजी ट्रॉफी के प्लेट ग्रुप में टूटते-बनते रिकॉर्ड पर भी आपत्ति जताई.
देश में खुदरा महंगाई दर सितंबर महीने में जोरदार रफ्तार से बढ़ते हुए 5.54% पर पहुंच गई, जबकि इससे पहले अगस्त महीने में ये 4.82% दर्ज की गई थी. यानी महीनेभर में महंगाई 0.72% बढ़ गई है. सितंबर महीने में भारत में खुदरा मुद्रास्फीति बढ़कर 5.54% हो गई, जबकि खाद्य महंगाई दर तेज रफ्तार से बढ़ते हुए 7.74% तक पहुंच गई.
BPSC 72वीं पीटी परीक्षा स्थगित! बिहार लोक सेवा आयोग ने जारी किया नोटिस, नई तारीखों का जल्द होगा ऐलान
बिहार लोक सेवा आयोग ने 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता प्रारंभिक परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया है. ये परीक्षा आगामी 25 अक्टूबर, 2026 को आयोजित होने वाली थी, लेकिन प्रशासनिक और अपरिहार्य कारणों से आयोग ने इसे टालने का फैसला किया है. आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा आयोजन की नई तारीख और पूरा शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा.
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति की पत्नी की जमानत याचिका खारिज, महिंदा राजपक्षे ICU में भर्ती
श्रीलंका में अदालत ने पूर्व राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे की पत्नी शिरांति राजपक्षे की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया है. वहीं, दूसरी तरफ महिंदा की तबीयत बिगड़ गई है जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. महिंदा राजपक्षे को ICU में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है.
भगवंत मान के OSD को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, जारी रहेगी CBI जांच
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के OSD राजबीर घुमन से जुड़े कथित भ्रष्टाचार मामले में सुप्रीम कोर्ट ने राहत दी है. अदालत ने CBI को निर्देश दिया कि अगले आदेश तक राजबीर घुमन और मामले से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ कोई जबरन कार्रवाई न की जाए. हालांकि, कोर्ट ने CBI जांच पर रोक लगाने से भी इनकार कर दिया है.
aajtak.in