बिहार के लाखों प्रतियोगी छात्रों के लिए इस वक्त एक बेहद अहम और बड़ी खबर सामने आ रही है. बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 72वीं संयुक्त प्रतियोगिता प्रारंभिक (PT) परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया है. ये परीक्षा आगामी 25 अक्टूबर, 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली थी, लेकिन प्रशासनिक और अपरिहार्य कारणों से आयोग ने इसे टालने का फैसला किया है.
आयोग ने जारी किया आधिकारिक नोटिस
BPSC की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, कुछ अपरिहार्य कारणों के चलते 25 अक्टूबर को होने वाली इस परीक्षा को निर्धारित समय पर कराना संभव नहीं हो पा रहा है. आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा आयोजन की नई तारीख और पूरा शेड्यूल आधिकारिक वेबसाइट पर जल्द ही जारी किया जाएगा.
उम्मीदवारों के लिए क्या है आगे?
अचानक परीक्षा स्थगित होने से उन अभ्यर्थियों की चिंता बढ़ गई है जो पिछले कई महीनों से दिन-रात इस परीक्षा की तैयारी में जुटे थे. हालांकि, जानकारों का मानना है कि छात्रों को अपनी तैयारी जारी रखनी चाहिए और किसी भी तरह की अफवाहों से बचते हुए केवल BPSC की आधिकारिक वेबसाइट (bpsc.bih.nic.in) पर आने वाले अपडेट्स पर ही भरोसा करना चाहिए. जैसे ही आयोग की तरफ से नई तारीखों का ऐलान किया जाएगा, हम सबसे पहले आप तक सटीक अपडेट पहुंचाएंगे.
शशि भूषण कुमार