महाराष्ट्र के वाशिम जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने नगर निगम की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. वीडियो में एक व्यक्ति गर्दन तक नाले में डूबकर जाम सीवर को साफ करता दिखाई दे रहा है. आसपास खड़े लोग वीडियो बना रहे हैं और वह खुद पाइप के सहारे नाले में जमा गंदगी को हटाने की कोशिश कर रहा है. वाशिम का ये वीडियो अब वायरल है और लोग पूछ रहे हैं- ये मजबूरी है या सिस्टम की सबसे गंदी तस्वीर?
ये मामला वाशिम शहर के मध्यमेश्वर मंदिर परिसर के सौदागारपुरा इलाके का है. यहां ड्रेनेज लाइन बुरी तरह चोक हो गई थी. हालत ऐसी हो गई कि गंदा पानी लोगों के घरों में घुसने लगा. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार नगर निगम और वार्ड पार्षद को शिकायत दी गई. लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
यहां देखें Video
इसी बीच सैय्यद समीर के घर में भी सीवर का पानी भरने लगा. समीर प्लंबिंग का काम करते हैं. उन्होंने पहले इंतजार किया कि शायद प्रशासन आएगा और समस्या ठीक करेगा. लेकिन जब कोई नहीं पहुंचा, तो उन्होंने खुद ही मोर्चा संभाल लिया.
वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि ड्रेनेज चेंबर का ढक्कन खुला हुआ है. उसके अंदर काला और बदबूदार पानी भरा है. उसी पानी में सैय्यद समीर गर्दन तक डूबे हुए नजर आते हैं.
उनके हाथ में एक लंबा पाइप है, जिससे वो नाले में जमा गंदगी को धक्का देकर हटाने की कोशिश कर रहे हैं. आसपास खड़े लोग वीडियो बना रहे हैं. कुछ लोग उन्हें देखकर हैरान हैं, तो कुछ बस तमाशा देख रहे हैं. कुछ देर की मशक्कत के बाद नाले का जाम खुल जाता है और पानी आगे बहने लगता है.
'बच्चों की वजह से उतरना पड़ा'
सैय्यद समीर ने बताया कि गंदे पानी की वजह से घर में रहना मुश्किल हो गया था. उन्हें सबसे ज्यादा चिंता अपने बच्चों की थी. उनका कहना है कि उन्होंने कई बार पार्षद और संबंधित विभाग को जानकारी दी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. आखिरकार मजबूर होकर उन्हें खुद ही नाले में उतरना पड़ा. सोचिए, जिस काम के लिए नगर निगम का पूरा सिस्टम होता है, वो काम एक आम आदमी अपनी जान जोखिम में डालकर कर रहा था.
यह भी पढ़ें: सीवर बना मौत का कुआं! फरीदाबाद में सफाई करते-करते दो कर्मियों की दम घुटने से मौत
जब तक वीडियो वायरल नहीं हुआ, तब तक किसी ने सुध नहीं ली. लेकिन सोशल मीडिया पर मामला फैलते ही नगर निगम के कर्मचारी और वार्ड पार्षद मौके पर पहुंच गए. हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि ये सिर्फ खानापूर्ति थी. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई हो जाती, तो किसी को इस तरह जान जोखिम में डालकर नाले में उतरने की नौबत ही नहीं आती.
सोशल मीडिया पर लोग क्या कह रहे हैं?
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा साफ दिखाई दे रहा है. कई लोग लिख रहे हैं कि ये सिर्फ एक आदमी की मजबूरी नहीं, सिस्टम की नाकामी है. कुछ यूजर्स ने सवाल उठाया कि आखिर देश के कई हिस्सों में आज भी लोग बिना किसी सुरक्षा उपकरण के सीवर और नालों में उतरने को मजबूर क्यों हैं? वहीं कुछ लोगों ने सैय्यद समीर की हिम्मत की तारीफ भी की. लेकिन साथ ही ये भी कहा कि किसी भी नागरिक को ऐसी स्थिति में पहुंचना ही नहीं चाहिए.
ज़का खान