सीवर बना मौत का कुआं! फरीदाबाद में सफाई करते-करते दो कर्मियों की दम घुटने से मौत

फरीदाबाद सेक्टर 84 में सीवर की सफाई के दौरान दम घुटने से दो सफाई कर्मियों राजेंद्र और सुनील की मौत हो गई. दोनों बीपीटीपी कंपनी में काम करते थे और शनिवार शाम मैनहोल में उतरे थे. देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने तलाश की और रविवार सुबह मैनहोल में दोनों बेसुध मिले. पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. शुरुआती जांच में जहरीली गैस से मौत की आशंका जताई गई है.

Advertisement
सुबह मैनहोल में मिले बेसुध.(Photo: Sachin Gaur/ITG) सुबह मैनहोल में मिले बेसुध.(Photo: Sachin Gaur/ITG)

सचिन गौड़

  • फरीदाबाद,
  • 04 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:39 PM IST

हरियाणा के फरीदाबाद के सेक्टर 84 में सीवर की सफाई के दौरान दम घुटने से दो सफाई कर्मियों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों की पहचान खेड़ी कला गांव निवासी राजेंद्र और सुनील के रूप में हुई है. दोनों की उम्र करीब 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है. घटना के बाद परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल है.

Advertisement

बताया गया है कि दोनों सफाई कर्मचारी बीपीटीपी कंपनी में काम करते थे. हादसा पुरी प्राणायाम सोसाइटी के सामने शनिवार शाम करीब 6 बजे हुआ, जब दोनों मैनहोल में उतरकर सीवर की सफाई करने गए थे. लेकिन वे जिंदा बाहर नहीं आ सके. देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने तलाश शुरू कर दी.

यह भी पढ़ें: फरीदाबाद : ऑनलाइन गेम में फिर ले ली मासूम की जान, गेमिंग लत पहचानें और ऐसे करें दूर

रविवार सुबह जब परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो मैनहोल के पास उनकी साइकिल और मोटरसाइकिल खड़ी मिली. यह देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई. जब उन्होंने मैनहोल के अंदर झांका तो दोनों कर्मी बेसुध हालत में पड़े दिखाई दिए. तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

मौके पर पहुंची पुलिस और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई

Advertisement

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सीवर से बाहर निकलवाया. इसके बाद शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए बादशाह खान सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मृतकों के परिवारों ने बीपीटीपी कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि दोनों कर्मचारी कंपनी की तरफ से सफाई करने गए थे, लेकिन जब वे देर रात तक घर नहीं लौटे तो कंपनी प्रबंधन ने उनकी तलाश तक नहीं की.

परिजनों का आरोप है कि जब वे कंपनी से पूछने पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि दोनों कर्मचारी शाम को हाजिरी पंच करके घर चले गए थे. परिजनों ने इसे सफेद झूठ बताते हुए सवाल उठाया कि जब दोनों वापस आए ही नहीं तो पंचिंग कैसे हो गई.

जहरीली गैस से मौत की आशंका, जांच जारी

मामले के जांच अधिकारी धर्मेंद्र ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को बाहर निकलवाया गया, लेकिन जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सीवर के अंदर जहरीली गैस के कारण दम घुटने से दोनों की मौत हुई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement