बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना के बाद महाराष्ट्र की राजनीति गरमा गई है. शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने राज्य सरकार पर 'जंगल राज' का आरोप लगाया है. उन्होंने मुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस पर कानून-व्यवस्था संभालने में नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए शासन बदलने की मांग की. संजय राउत ने कहा कि राज्य में लगातार गोलीबारी, हत्या, फिरौती और अपहरण की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सरकार इन पर काबू नहीं कर पा रही है.
संजय राउत ने कहा, "मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हर चीज पर से नियंत्रण खो दिया है. अब देखिए, हर दिन क्या हो रहा है. हत्याएं हो रही हैं, फिरौती मांगी जा रही है और अपहरण हो रहे हैं. मुख्यमंत्री क्या कर रहे हैं? आप मुख्यमंत्री हैं, इसलिए यह आपकी जिम्मेदारी है."
यह भी पढ़ें: रेकी, 45 मिनट इंतजार, टाइगर पर हमला और गिरफ्तारी... 16 घंटे की पूरी टाइमलाइन
संजय राउत ने मुंबई में कम समय के भीतर कई गोलीबारी की घटनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने सलमान खान से जुड़े पहले के गोलीबारी मामले और बाबा सिद्दीकी की हत्या का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार आपराधिक गिरोहों पर प्रभावी तरीके से लगाम नहीं लगा पाई है.
एकनाथ शिंदे पर भी साधा निशाना
शिवसेना (UBT) नेता ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर भी सवाल उठाए. उन्होंने राजनीतिक कार्यकर्ता प्रदीप पूर्णेकर की हत्या का जिक्र करते हुए पूछा कि इस मामले में क्या कार्रवाई की गई. साथ ही, टाइगर श्रॉफ के घर जाने को लेकर भी शिंदे पर निशाना साधा. संजय राउत ने आरोप लगाया कि सरकार अपराध और कानून-व्यवस्था की समस्याओं को सुलझाने के बजाय राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने पर ध्यान दे रही है.
सुप्रीम कोर्ट से जांच कराने की मांग
संजय राउत ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के कथित प्रभाव को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि क्या अधिकारियों की तरफ से बड़ी हस्तियों को मिल रही धमकियों और गोलीबारी की घटनाओं को रोकने के लिए पर्याप्त कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा, "सुप्रीम कोर्ट को इस मामले की जांच करनी चाहिए. इस देश में क्या हो रहा है? भारत के मुख्य न्यायाधीश और पूरे सुप्रीम कोर्ट को इस मामले की जांच करनी चाहिए."
यह भी पढ़ें: 12वीं तक की पढ़ाई... इसलिए आगे की डिग्री नहीं ले पाए टाइगर श्रॉफ, खुद बताया था किस्सा
जुहू में टाइगर श्रॉफ के फुटबॉल क्लब के बाहर हुई थी फायरिंग
यह बयान मुंबई के जुहू इलाके में एक फुटबॉल क्लब के बाहर टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर की गई कथित गोलीबारी के बाद आया है. मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच तेज करते हुए गुजरात तक आरोपियों की तलाश बढ़ा दी है.
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों ने घटना से पहले टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों की रेकी की थी. उन्हें पता था कि अभिनेता रविवार को जुहू के फुटबॉल ग्राउंड पर आते हैं. आरोप है कि हमलावरों ने उनकी साप्ताहिक दिनचर्या पर नजर रखी और क्लब से कार में निकलते समय हमला किया. मामले की जांच जारी है.
aajtak.in