नागपुर के लकड़गंज थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है. मालधक्का परिसर स्थित रेलवे लाइन के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पुरानी रंजिश और पैसों के विवाद का एंगल सामने आया. क्राइम ब्रांच ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह मालधक्का परिसर स्थित रेलवे लाइन के पास एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान 30 वर्षीय अब्दुल रहमान उर्फ अब्दुल रज्जाक के रूप में की. मृतक शांतिनगर के लाल नगर इलाके का रहने वाला था. घटना की सूचना मिलते ही लकड़गंज पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और डॉग स्क्वॉड के साथ तकनीकी जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली.
रेलवे लाइन के पास मिला शव
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है. प्रारंभिक जांच के अनुसार रविवार देर रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी विवाद के बाद कलमना क्षेत्र के तीन युवकों ने कथित तौर पर अब्दुल रहमान की गला रेतकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए.
क्राइम ब्रांच ने तीन आरोपियों को दबोचा
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच यूनिट-3 को भी जांच में लगाया गया. तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में राहुल उइके, परमेश्वर उर्फ पप्पू संतोष पटेल और एक नाबालिग शामिल है.
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि मृतक और आरोपियों के बीच पहले से विवाद चल रहा था. आरोप है कि घटना से एक दिन पहले मृतक ने परमेश्वर पटेल के घर पहुंचकर चाकू के साथ हमला किया था और उसकी मां तथा बहन के साथ अभद्र व्यवहार किया था. इसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया था.
4 लाख रुपये के विवाद का भी एंगल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि चोरी के एक मामले में मिले करीब चार लाख रुपये को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद था. बताया जा रहा है कि इसी पैसों के विवाद और पुरानी रंजिश के चलते रविवार देर रात दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने धारदार हथियार से अब्दुल रहमान का गला रेत दिया. हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. सोमवार सुबह रेलवे लाइन के पास शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.
हत्या की वजह की जांच जारी
फिलहाल तीनों आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए लकड़गंज पुलिस के हवाले कर दिया गया है. पुलिस हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस सनसनीखेज हत्याकांड ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है. हालांकि पुलिस का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अब पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच जारी है.
योगेश पांडे