Mumbai Rain: अंडरपास लबालब, सड़कें और रेलवे ट्रैक पानी-पानी... मॉनसून की बारिश में डूबी मुंबई, वीडियो में देखें हाल

Mumbai Weather: मुंबई में मॉनसून ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है. भारी बारिश ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है. सड़कें और रेलवे ट्रैक जलमग्न हो गए हैं. निचले इलाकों में जलभराव की वजह से जनजीवन प्रभावित है. वहीं, अंधेरी सबवे समेत कई अंडरपास पानी भरने के बाद बंद कर दिए गए हैं.

Advertisement
Waterlogged railway tracks in Mumbai as heavy rainfall continues in city Waterlogged railway tracks in Mumbai as heavy rainfall continues in city

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 24 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:44 AM IST

मुंबई में मॉनसून की पहली ही तेज बारिश ने पूरे शहर को पानी-पानी कर दिया है. मुंबईवासियों को एक तरफ जहां गर्मी से राहत मिली है तो वहीं भारी बारिश से लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है. बारिश की वजह से अंडरपास लबालब हैं और कई सड़कों पर भी पानी भरा है. हर साल की तरह इस साल भी मॉनसून की बारिश में मुंबई डूबती हुई दिखाई दे रही है.

Advertisement

मुंबई में 23 जून को मॉनसून के दस्तक देते ही मुसीबत बढ़ने लगी है. बीती रात भारी बारिश का असर आज सुबह-सुबह दिखाई दे रहा है. कई जगहों पर पानी भरने की वजह से ट्रैफिक की रफ्तार सुस्त पड़ गई है.

मुंबई के अंधेरी सबवे समेत कई अंडरपास में पानी भर गया है. बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने सुरक्षा के मद्देनजर अंडरपास से गाड़ियों की आवाजाही बंद कर दी है.

उधर, वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर भी जलजमाव से संकट गहराया है. वहीं, सायन के गांधी मार्केट जैसे इलाकों में भी पानी जमा हो गया है. मुंबई में सुबह ऑफिस और काम से बाहर जाने वालों को ट्रैफिक एवं जलभराव का सामना करना पड़ा है. इस बीच BMC की टीमों ने पानी निकालने का काम शुरू कर दिया है. 

रेलवे ट्रैक जलमग्न, ट्रेनें प्रभावित
महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने मुंबई को जलमग्न कर दिया है. दादर स्टेशन पर रेलवे ट्रैक पानी से भर गए, जिससे लोकल ट्रेन सेवाओं पर बड़ा असर पड़ा है. कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि कुछ ट्रेनों को रद्द भी कर दिया गया है. मुंबई सेंट्रल और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) समेत कई अन्य स्टेशनों पर भी पानी भरने की खबर है. 

Advertisement

बता दें कि मुंबई के लोग लंबे समय से मॉनसून की बारिश का इंतजार कर रहे थे, लेकिन पहली ही बारिश ने पुरानी समस्या फिर सामने ला दी है. जलजमाव और ट्रैफिक की समस्या हर साल की तरह इस बार भी मॉनसून की बारिश की शुरुआत में ही नजर आ रही है. लोग बारिश से बेहाल मुंबई के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं, जिसमें सड़कें दरिया बनी दिखाई दे रही हैं.

मॉनसून की पहली ही भारी बारिश में लबालब मुंबई, रातभर हुई बरसात, अंधेरी सबवे बंद

मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. जबकि कुछ इलाकों के लिए रेड अलर्ट जारी है. मौसम विभाग के मुताबिक, इन क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है.

आज के मौसम की बात करें तो मुंबई में घने बादल छाए हुए हैं, कई इलाकों में बारिश हो रही है. मौसम विभाग के मुताबिक, 24 जून को दिनभर मुंबई में मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. ऐसे में सड़कों पर पानी भरने और यातायात प्रभावित होने की संभावना है.

Advertisement

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के आंकड़ों के मुताबिक, मुंबई में बीती रात 5-6 घंटों के दौरान अलग-अलग इलाकों में 71 से 99 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है. वहीं, 23 जून को सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक सबसे ज्यादा बारिश नायर अस्पताल (सेंट्रल मुंबई) में दर्ज की गई, जहां 78.96 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.

मुंबई: विक्रोली वेस्ट में ढही दीवार
मुंबई के विक्रोली वेस्ट इलाके में मंगलवार रात एक रिटेनिंग वॉल (दीवार) अचानक ढह गई. आधी रात में जब तेज आवाज से दीवार गिरी तो स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई. हालांकि, दीवार गिरने की इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन दीवार के मलबे से आसपास के इलाके में ट्रैफिक प्रभावित हुआ.

मुंबई में 13 दिन लेट पहुंचा मॉनसून
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून मंगलवार, 23 जून को मुंबई पहुंचा है. यह अपने सामान्य आने की तारीख से 13 दिन देरी से आया है. मुंबई में मॉनसून के दस्तक की सामान्य तारीख 10 जून है. IMD ने बताया कि मॉनसून ने अब मध्य अरब सागर के बाकी हिस्सों, महाराष्ट्र के कुछ और इलाकों समेत मुंबई, तेलंगाना और ओडिशा के बचे हिस्सों, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों को कवर कर लिया है.

Advertisement


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »