मुंबई लोकल ट्रेन में 22 साल के युवक की हत्या ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया था. अभी इस घटना को एक हफ्ता भी नहीं हुआ था कि अब एक बार फिर मुंबई लोकल ट्रेन में चाकू से हमले का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि मुंबई के माहीम इलाके में मामूली धक्का लगने पर रेलवे स्टेशन के पास युवक पर चाकू से हमला कर दिया.
जानकारी के मुताबिक, एक युवक ने गलती से धक्का लगने पर 'सॉरी' कहा था, इसके बावजूद आरोपी ने उसका पीछा कर चाकू से हमला कर दिया. घायल युवक का इलाज सायन अस्पताल में चल रहा है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.
पीड़ित की पहचान 35 वर्षीय नवीन प्रसन्न के पूर में हुआ है, जो माहीम के पीतांबर लेन स्थित कुरेशी महल कंपाउंड में रहता है. नवीन लोअर परेल की एक निजी कंपनी में ऑफिस बॉय के रूप में काम करते हैं.
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित 25 जून की रात करीब 10 बजे काम खत्म कर लोअर परेल से स्लो लोकल ट्रेन से माहीम स्टेशन पहुंचे. स्टेशन परिसर में पैदल जाते समय उनका धक्का एक अज्ञात व्यक्ति से लग गया, जिससे उसके हाथ में मौजूद मोबाइल फोन नीचे गिर गया. नवीन ने तुरंत माफी मांगते हुए कहा कि धक्का गलती से लगा है. आरोपी ने मोबाइल उठाकर देखा तो वो पूरी तरह सुरक्षित था, इसके बावजूद उसने नवीन के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी.
विवाद से बचने के लिए नवीन वहां से चले गए, हालांकि आरोपी ने सेनापति बापट मार्ग तक उनका पीछा किया और फिर चाकू से उन पर हमला कर दिया. घायल नवीन ने मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन आरोपी ने चाकू दिखाकर आसपास मौजूद लोगों को भी डरा दिया. इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आरोपी मौके से फरार हो गया.
यह भी पढ़ें: 'फांसी से कम कुछ मंजूर नहीं...', मुंबई लोकल में मारे गए मयंक की बहन ने आरोपी के लिए मांगी मौत की सजा
घायल अवस्था में नवीन किसी तरह अपने घर पहुंचे, जहां उनके भाई ने उन्हें तुरंत सायन अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल उनका इलाज जारी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.
मुस्तफा शेख