ईरान क्यों गया था फैयाज? मुहर्रम जुलूस में जहरीले कैप्सूल बांटने वाले से सच उगलवाएगी पुलिस

मुंबई में मुहर्रम जुलूस के दौरान जहरीले कैप्सूल बांटने के मामले में पुलिस ने पुणे निवासी फैयाज प्रेमजी को गिरफ्तार किया था. आरोपी पर जिंक फॉस्फाइड से भरे कैप्सूल दर्द निवारक बताकर लोगों में बांटने का आरोप था. पुलिस अब उसके ईरान-इराक दौरों, डिजिटल रिकॉर्ड और संभावित नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है.

Advertisement
पुणे निवासी फैयाज प्रेमजी मुंबई में मुहर्रम जुलूस के दौरान जहरीला कैप्सूल बांटते हुए पकड़ा गया. (Photo: ITG) पुणे निवासी फैयाज प्रेमजी मुंबई में मुहर्रम जुलूस के दौरान जहरीला कैप्सूल बांटते हुए पकड़ा गया. (Photo: ITG)

दिव्येश सिंह

  • मुंबई,
  • 29 जून 2026,
  • अपडेटेड 5:39 PM IST

मुंबई में मुहर्रम जुलूस के दौरान कथित तौर पर जहरीले कैप्सूल बांटकर बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाने की साजिश रचने के आरोपी फैयाज प्रेमजी को पुलिस ने सोमवार को अदालत में पेश किया. पुलिस अब इस मामले में आतंकी एंगल की भी जांच कर रही है. आरोपी को 26 जून को गिरफ्तार किया गया था. पुलिस के मुताबिक, फैयाज प्रेमजी पर आरोप है कि उसने जिंक फॉस्फाइड (चूहे मारने वाली दवा) से भरे कैप्सूल दर्द की दवा बताकर मुहर्रम जुलूस में शामिल लोगों को बांटे.

Advertisement

जिंक फॉस्फाइड का इस्तेमाल आमतौर पर चूहे मारने की दवा में किया जाता है. पुलिस का कहना है कि आरोपी का मकसद किसी खास समुदाय को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर जनहानि और अफरा-तफरी फैलाना था. मजगांव कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस ने अदालत को बताया कि मीरा रोड और नालासोपारा से दो और लोग सामने आए हैं, जिन्होंने आरोपी द्वारा दिए गए कैप्सूल खाने के बाद स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों की शिकायत की है.

पुलिस ने अदालत से सात दिन की हिरासत मांगी थी ताकि यह पता लगाया जा सके कि फैयाज प्रेमजी को जिंक फॉस्फाइड जैसा जहरीला पदार्थ कहां से मिला और क्या इस साजिश में उसके साथ कोई और भी शामिल था. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच के लिए महाराष्ट्र के बाहर दो राज्यों में टीमें भेजी गई हैं. जांच टीमें फैयाज प्रेमजी के ट्रैवल रिकॉर्ड और फोन कॉल डिटेल्स भी खंगाल रही हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ें: मुहर्रम में वर्दी पहनकर तलवार लहराने वाले पुलिसकर्मी को शो-कॉज नोटिस

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या उसे किसी संगठन या अन्य लोगों की मदद मिली थी. उसके ईरान और इराक दौरों की भी जांच की जा रही है. कोर्ट ने आरोपी फैयाज प्रेमजी को 4 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक अब तक आरोपी से करीब 15 हजार और जहरीले कैप्सूल बरामद किए जाने बाकी हैं. पुलिस का कहना है कि आरोपी मुहर्रम जुलूस में शामिल हजारों लोगों को निशाना बनाकर बड़े स्तर पर तबाही फैलाने की तैयारी में था.

क्या है पूरा मामला?

मुंबई पुलिस ने 26 जून को मुहर्रम जुलूस के दौरान जहरीले कैप्सूल बांटने की कथित बड़ी साजिश का खुलासा किया था. इस मामले में पुलिस ने फैयाज प्रेमजी नाम के एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया था. पुलिस के मुताबिक आरोपी बिना अनुमति के ‘दर्द से राहत’ के नाम पर लोगों को कैप्सूल बांट और बेच रहा था. मुंबई पुलिस के अनुसार जेजे और भायखला इलाके से मुहर्रम का जुलूस गुजर रहा था, जहां आरोपी कथित तौर पर लोगों को कैप्सूल बांट रहा था. पुलिस पेट्रोलिंग टीम ने फैयाज को कैप्सूल वितरित करते हुए देखा था. शक होने पर पुलिस ने उससे पूछताछ की और उसके पास मौजूद कैप्सूल जब्त कर लिए थे.

Advertisement

डीसीपी सेंट्रल रीजन जोन-1 जयंत मीणा ने बताया था कि संदेह होने पर मुंबई पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने उससे पूछताछ की और उसके पास से कैप्सूल का स्टॉक बरामद किया था. पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि उसने कुल 30 हजार खाली कैप्सूल और 50 किलो जिंक फॉस्फाइड मंगवाया था, जो चूहे मारने में इस्तेमाल होने वाला बेहद जहरीला केमिकल है. पुलिस के अनुसार आरोपी पुणे का रहने वाला है और पेंट का कारोबार करता है. वह बीबीए ग्रेजुएट है. मुंबई आने के दौरान वह डोंगरी इलाके के एक गेस्ट हाउस और डॉरमेट्री में ठहरा था. पूछताछ में यह भी सामने आया था कि उसने कई दिनों तक अपने ठिकाने पर कैप्सूलों में जहर भरने का काम किया था.

यह भी पढ़ें: मुंबई: मुहर्रम जुलूस में पेनकिलर बताकर बांटे जहरीले कैप्सूल, पुलिस ने शख्स को ऐसे पकड़ा

पुलिस का कहना था कि कैप्सूल का सेवन करने वाले सलमान सैयद नाम के व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई थी. उसे पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. भायखला पुलिस ने आरोपी के पास से 14,900 जहरीले कैप्सूल बरामद किए थे. प्रत्येक कैप्सूल में करीब एक ग्राम जिंक फॉस्फाइड मिला हुआ था. जांच में यह भी सामने आया था कि आरोपी साल 2025 में ईरान और इराक गया था. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही थी. 

Advertisement

इस मामले में उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 110 और 123 के तहत जहर देने और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था. पुलिस के मुताबिक फैयाज प्रेमजी शिया खोजा मुस्लिम समुदाय से संबंध रखता है. उसकी बहन ईरान में फिजियोथेरेपिस्ट के तौर पर काम करती हैं, जबकि उसकी मां भी ईरान में रहती हैं. पत्नी से उसका तलाक हो चुका है. जांच में यह भी सामने आया था कि वर्ष 2019 से 2025 के बीच फैयाज कई बार ईरान और इराक की यात्रा कर चुका है. पुलिस के मुताबिक पिछले एक साल में ही वह 19 बार ईरान और इराक गया था.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »