पिस्टल तानी तो बेटे ने पकड़ ली बंदूक, मां दौड़ी और दोनों ने मिलकर बदमाश को दबोच लिया, Video

पलामू के सतबरवा में बाइक लूटने के बाद दो अपराधी लेस्लीगंज के गोपालगंज स्थित सीएसपी में लूट करने पहुंचे. एक बाहर निगरानी कर रहा था, जबकि दूसरे ने पिस्टल के बल पर कैश लूटने की कोशिश की. संचालक ने पिस्टल पकड़ ली. हाथापाई के बीच मां भी बेटे को बचाने पहुंच गईं. फायरिंग के बावजूद मां-बेटे ने अपराधी को दबोच लिया.

Advertisement
मां-बेटे ने लूटपाट कर रहे बदमाश को दबोचा. (Photo: Screengrab) मां-बेटे ने लूटपाट कर रहे बदमाश को दबोचा. (Photo: Screengrab)

करुणा करण

  • पलामू ,
  • 21 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 7:50 PM IST

पलामू के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में सीएसपी लूटने पहुंचे अपराधियों की कोशिश उस वक्त नाकाम हो गई, जब सीएसपी संचालक और उसकी मां ने मिलकर एक अपराधी को दबोच लिया. पिस्टल के बल पर लूट की कोशिश के दौरान दोनों तरफ से हाथापाई हुई. इसी बीच अपराधी ने फायरिंग भी की, लेकिन मां-बेटे ने हिम्मत नहीं छोड़ी और उसे सड़क पर गिराकर पकड़ लिया. इस पूरी घटना का वीडियो पास लगे कैमरे में कैद हो गया. जानकारी के मुताबिक, सतबरवा में दो अपराधियों ने पिस्टल के बल पर एक पल्सर बाइक लूटी थी. इसके बाद दोनों उसी बाइक से लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के गोपालगंज पहुंचे. यहां दोनों ने सीएसपी को निशाना बनाया. एक अपराधी बाइक पर बाहर निगरानी कर रहा था, जबकि दूसरा नकाब पहनकर सीएसपी के अंदर पहुंचा. उसने पिस्टल दिखाकर सीएसपी संचालक से कैश लूटने की कोशिश शुरू कर दी.

Advertisement

वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि नकाबपोश अपराधी दुकान के अंदर घुसता है और युवक पर पिस्तौल तान देता है. शुरुआत में युवक चुप रहता है, लेकिन कुछ देर बाद वह अपराधी का विरोध करना शुरू कर देता है. इसी दौरान दोनों के बीच हाथापाई होने लगती है. अपराधी युवक पर झपटता है और उसे नीचे गिरा देता है. इसी बीच युवक की मां वहां पहुंचती हैं. बेटे को बचाने के लिए वह भी अपराधी से भिड़ जाती हैं.

फायरिंग के बाद भी नहीं छोड़ा अपराधी

हाथापाई के दौरान अपराधी ने फायरिंग कर दी. इसके बावजूद मां-बेटे ने उसका पीछा नहीं छोड़ा. दोनों ने मिलकर अपराधी को पकड़ लिया और सड़क पर गिरा दिया. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने भी एक अपराधी को पकड़ लिया. हालांकि, दूसरा अपराधी मौके से फरार होने में कामयाब रहा.  घटना की सूचना मिलते ही लेस्लीगंज एसडीपीओ प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. मौके से गोली का खोखा भी बरामद किया गया है.

Advertisement

एक अपराधी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश

पुलिस ने पकड़े गए अपराधी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस अब उसके फरार साथी की तलाश में छापेमारी कर रही है. जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि दोनों अपराधी सतबरवा में बाइक लूटने के बाद सीएसपी तक कैसे पहुंचे और वारदात की पूरी योजना क्या थी. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

वीडियो में साफ दिखाई देता है कि किस तरह पिस्टल ताने जाने के बाद युवक ने अपराधी का विरोध किया और फिर उसे काबू करने की कोशिश की. बेटे को खतरे में देख उसकी मां भी मौके पर पहुंच गईं और अपराधी से भिड़ गईं. फायरिंग के बीच मां-बेटे की इस कोशिश के बाद आखिरकार एक अपराधी पकड़ा गया और सीएसपी में लूट की कोशिश नाकाम हो गई. पुलिस अब गिरफ्तार अपराधी से पूछताछ कर उसके फरार साथी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है.


 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »