जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में बुधवार शाम भारी बारिश के बाद वैष्णो देवी यात्रा के नए मार्ग पर लैंडस्लाइड हो गया. इसके चलते एहतियात के तौर पर बैटरी कार सेवा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. हालांकि श्रद्धालुओं की यात्रा पर कोई असर नहीं पड़ा है, पुराने रास्ते से दर्शन के लिए आवाजाही पहले की तरह पूरी तरह सामान्य और सुरक्षित जारी है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित वैष्णो देवी यात्रा के नए ट्रैक पर हिमकोटी के पास भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड हुआ. इससे रास्ते पर मलबा जमा हो गया. घटना के बाद वहां आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा को देखते हुए तुरंत कदम उठाए गए. हालांकि माता के भक्तों की यात्रा को बिल्कुल नहीं रोका गया है. श्रद्धालु अब सुगमता से पुराने मार्ग का इस्तेमाल करके माता वैष्णो देवी के भवन तक पहुंच रहे हैं, उनकी वापसी भी इसी सुरक्षित रास्ते से कराई जा रही है.
यह भी पढ़ें: वैष्णों देवी के लिए सफर हुआ आसान, दिल्ली-कटरा के बीच 'श्री शक्ति एक्सप्रेस' रेल सेवा शुरू
मलबा हटाने में जुटा श्राइन बोर्ड
घटना की सूचना मिलते ही श्राइन बोर्ड की बचाव टीम आधुनिक मशीनों और अपने अनुभवी कर्मचारियों के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गई. रास्ते पर गिरे मलबे को तेजी से हटाने का काम शुरू कर दिया गया है. प्रशासन की पूरी कोशिश है कि नए ट्रैक को जल्द से जल्द साफ किया जाए, ताकि इस मार्ग को दोबारा खोला जा सके.
रिपोर्ट के मुताबिक, श्राइन बोर्ड के अधिकारियों ने साफ किया है कि लैंडस्लाइड का असर सिर्फ नए मार्ग के एक हिस्से पर पड़ा है. पुराने रास्ते से यात्रा बिल्कुल सामान्य रूप से चल रही है. देश के कोने-कोने से आए सैकड़ों श्रद्धालु बिना किसी डर या रुकावट के जयकारे लगाते हुए माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए लगातार आ-जा रहे हैं.
aajtak.in