हरियाणा के गुरुग्राम में शुक्रवार को कांग्रेस की 'सद्भाव यात्रा' में राहुल गांधी शामिल हुए. यात्रा में राहुल गांधी ने कांग्रेस नेता बृजेंद्र सिंह और दूसरे नेताओं के साथ पैदल मार्च किया. उनके पहुंचने पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक वहां जुटे दिखाई दिए. मार्च के दौरान राहुल गांधी ने लोगों का अभिवादन भी स्वीकार किया.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, गुरुग्राम के बादशाहपुर इलाके में निकाली गई इस यात्रा में हरियाणा कांग्रेस के कई बड़े नेता भी मौजूद रहे. इनमें भूपेंद्र सिंह हुड्डा, रणदीप सुरजेवाला और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह शामिल थे. यात्रा के बाद राहुल गांधी सभा स्थल पर पहुंचे, जहां उन्होंने लोगों को संबोधित किया.
2700 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय कर चुकी है 'सद्भाव यात्रा'
बृजेंद्र सिंह की यह 'सद्भाव यात्रा' कोई छोटी-मोटी यात्रा नहीं है. यह पिछले साल 5 अक्टूबर को जींद के दानोदा गांव से शुरू हुई थी और अब तक हरियाणा की 90 में से 85 विधानसभा सीटों तक पहुंच चुकी है. 2700 किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय कर चुकी इस यात्रा का मकसद लोगों को एक साथ लाना है. बृजेंद्र सिंह, जो कभी बीजेपी के सांसद हुआ करते थे, अब कांग्रेस के साथ मिलकर 'सद्भाव' यानी आपसी प्रेम की बात कर रहे हैं.
उनकी यह यात्रा राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' से प्रेरित है. उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान बेरोजगारी, कानून व्यवस्था, किसानों की परेशानी, कर्मचारियों और व्यापारियों से जुड़े मुद्दे उठाए गए हैं. बृजेंद्र सिंह के मुताबिक, 'सद्भाव' और 'भाईचारा' इस यात्रा का मुख्य संदेश है.
इस यात्रा के जरिए कांग्रेस ने हरियाणा सरकार को कई मोर्चों पर घेरा है. रैली के दौरान बृजेंद्र सिंह ने साफ कहा कि बीजेपी समाज को बांटने की राजनीति कर रही है, जिसे रोकने के लिए यह यात्रा निकाली गई है. उन्होंने वोट चोरी, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और किसानों की बदहाली जैसे मुद्दों को जोर-शोर से उठाया.
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह यात्रा राज्य के अलग-अलग इलाकों में लोगों तक पहुंचने की कोशिश का हिस्सा है. गुरुग्राम में राहुल गांधी के शामिल होने के बाद यात्रा को लेकर राजनीतिक चर्चा भी तेज हो गई है.
aajtak.in