हरियाणा में स्थानीय नगर निकाय के लिए 10 मई को मतदान हुआ था. इन चुनावों के नतीजे आज आ रहे हैं. वोटों की गिनती जारी है और नतीजे तय करेंगे कि शहर की सरकार चलाने का जनादेश जनता ने किस दल या उम्मीदवार को दिया है. फिलहाल, अंबाला, पंचकूला और सोनीपत में बीजेपी के मेयर उम्मीदवार आगे चल रहे हैं. हरियाणा के ये स्थानीय निकाय चुनाव नायब सिंह सैनी की अगुवाई वाली प्रदेश सरकार के लिए एक तरह से लिट्मस टेस्ट माने जा रहे हैं.
अंबाला, पंचकूला और सोनीपत में महापौर के साथ ही वार्ड पार्षदों के लिए चुनाव हुए हैं. वहीं, रेवाड़ी नगर परिषद, सांपला, धारूहेड़ा, उकलाना की नगर समितियों के लिए अध्यक्ष और पार्षद चुनने को मतदान हुआ था. टोहाना, तरावड़ी, कनीना, साढौरा, राजौंद और झज्जर नगर समितियों के रिक्त पार्षद पदों के लिए उपचुनाव भी इन चुनावों के साथ ही संपन्न हुए थे.
हरियाणा निकाय चुनाव के रुझानों में बीजेपी की बढ़त को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की भी प्रतिक्रिया आई है. सीएम सैनी ने कहा है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में आम जनता का विश्वास केंद्र और हरियाणा सरकार पर बढ़ा है. निकाय चुनावों के नतीजे उसी विश्वास के प्रतीक हैं. उन्होंने दावा किया कि तीनों मेयर बीजेपी के बनने जा रहे हैं और रेवाड़ी, सांपला, धारूहेड़ा में भी हमें बड़ी मार्जिन से जीत मिली है.
सीएम सैनी ने कहा है कि जनता को विपक्ष पर विश्वास नहीं रहा. विपक्ष केवल झूठ की राजनीति करता है. विपक्ष बताए कि महिलाओं को आरक्षण क्यों नहीं लेने दिया. किसानों के लिए भी विपक्ष ने कुछ नहीं किया. सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब को ग़रीबी से निकालने का कार्य केंद्र सरकार ने किया. पूरे विश्व में भारत का सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बढ़ा है.
ताजा अपडेट्स...
-पंचकूला, अंबाला और सोनीपत मेयर चुनाव में बीजेपी उम्मीदवारों को बढ़त. तीनों शहरों में आगे चल रही है पार्टी.
-रेवाड़ी, सांपला और धारूहेड़ा में बीजेपी की जीत.
-अंबाला में बीजेपी के विशाल राणा वार्ड नंबर एक से चुनाव जीत गए हैं. विशाल राणा 72 वोट से जीते.
-अंबाला के वार्ड नंबर दो से बीजेपी उम्मीदवार वरखा सहोता चुनाव जीत गई हैं.
-अंबाला के वार्ड नंबर तीन से बीजेपी के मनीष आनंद विजयी घोषित हुए हैं.
-सोनीपत के वार्ड नंबर एक से कांग्रेस के जयकुवार खत्री चुनाव जीत गए हैं. जयकुवार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बीजेपी के हरिप्रकाश सैनी को 270 वोट से हरा दिया.
-सोनीपत के वार्ड नंबर दो से बीजेपी के मुकेश बामणिया चुनाव जीत गए हैं. बीजेपी के बामणिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय उम्मीदवार सुरेंद्र नियर को 1533 वोट के बड़े अंतर से शिकस्त दी.
-सोनीपत के वार्ड नंबर तीन से बीजेपी के सुरेंद्र मदान ने कांग्रेस अनुज छाबड़ा को 1081 वोट से हरा दिया है.
कमलजीत संधू