गुजरात के सूरत से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. जहां पति ने अपनी ही पत्नी की चाकू मारकर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि पति को अपनी पत्नी के किसी अन्य युवक के साथ संबंध होने का शक था, जिसके चलते यह खौफनाक कदम उठाया गया. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
जानकारी के मुताबिक, आरोपी सरफराज खान और मृतका पूजा कुमारी मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे. दोनों के बीच करीब दो साल पहले प्रेम संबंध शुरू हुआ था, जो बाद में विवाह में बदल गया. शादी के बाद दोनों बेहतर जिंदगी की तलाश में सूरत आ गए और यहां कैटरिंग के काम से अपनी रोजी-रोटी चला रहे थे.
फोन पर बातचीत को लेकर शुरू हुए विवाद
बताया जा रहा है कि शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्ते में तनाव शुरू हो गया था. सरफराज को शक था कि उसकी पत्नी पूजा का किसी अन्य पुरुष से संबंध है. खासतौर पर पूजा का अपने एक मुंह बोले भाई से फोन पर बात करना उसे बिल्कुल पसंद नहीं था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था.
घटना से एक दिन पहले यानी रविवार को पूजा अपनी एक दोस्त के साथ कहीं गई थी, जिससे सरफराज नाराज था और उसे ढूंढता रहा. सोमवार को भी पूजा घर से बाहर थी और सरफराज पूरी रात उसकी तलाश करता रहा. मंगलवार दोपहर जब सरफराज ने पूजा को रांदेर इलाके में पवित्रा रेजीडेंसी के पास उसकी सहेली के साथ देखा, तो उसका गुस्सा भड़क उठा. दोनों के बीच सड़क पर ही कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सरफराज ने चाकू निकाल लिया और हमला कर दिया.
सड़क पर कहासुनी के बाद चाकू से हमला
हमले में पूजा के सीने में गंभीर चोट लगी. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे सूरत सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. रांदेर पुलिस थाने के इंस्पेक्टर आर. जे. चौधरी ने बताया कि यह घटना अम्बिकानगर सोसाइटी के पास, रामनगर वॉकवे के नजदीक हुई है. प्रारंभिक जांच में यह मामला पति-पत्नी के आपसी विवाद और शक से जुड़ा पाया गया है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले उस व्यक्ति पर हमला करने की कोशिश की, जिसके साथ पत्नी को देखा था, लेकिन इस दौरान पत्नी को ही गंभीर चोट लग गई. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस ने शुरू की जांच, परिजनों से संपर्क जारी
पुलिस मृतका के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है, जो फिलहाल बिहार में रहते हैं. इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि शक और गुस्से में लिए गए फैसले किस तरह जिंदगी को खत्म कर देते हैं.
संजय सिंह राठौर