अहमदाबाद हादसे के बाद एअर इंडिया का एक्शन प्लान: सुरक्षा, मुआवजा और कर्मचारी सहायता पर जोर

अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया 171 विमान हादसे के बाद कंपनी ने सुरक्षा उपायों को कड़ा किया है. कर्मचारियों के लिए मानसिक स्वास्थ्य समर्थन शुरू किया है. बोइंग 787 और 777 विमानों की जांच में कोई खराबी नहीं मिली.पीड़ित परिवारों को ₹25 लाख का अंतरिम मुआवजा और टाटा संस की ओर से ₹1 करोड़ की अनुग्रह राशि दी जा चुकी है.

Advertisement
एअर इंडिया, 22 हजार से ज्यादा निजी सामान सुरक्षित रखे गए (Representation Image/File) एअर इंडिया, 22 हजार से ज्यादा निजी सामान सुरक्षित रखे गए (Representation Image/File)

अमित भारद्वाज

  • अहमदाबाद ,
  • 12 जून 2026,
  • अपडेटेड 4:40 PM IST

अहमदाबाद में हुए एअर इंडिया 171 विमान हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया था. इस दुखद घटना के बाद, एअर इंडिया ने अपने विमानों को सुरक्षित बनाने और अपने कर्मचारियों की देखभाल के लिए पिछले एक साल में कई बड़े आंतरिक बदलाव किए हैं. कंपनी के एक इंटरनल डॉक्यूमेंट से पता चला है कि एअर इंडिया ने अपनी कमियों को सुधारने और पीड़ित परिवारों तक मदद पहुंचाने के लिए बहुत तेजी से काम किया है.

Advertisement

हादसे से सबक लेते हुए एअर इंडिया ने कुछ समय के लिए विशेष सुरक्षा अभियान चलाया. इसके तहत सरकारी संस्था डीजीसीए (DGCA) की देखरेख में बोइंग 787-8 और 787-9 विमानों की पूरी और बारीकी से जांच की गई. अच्छी बात ये रही कि जांच में इन विमानों में कोई भी खराबी नहीं मिली. 

इसके साथ ही बोइंग 737 और 787-8 विमानों के फ्यूल कंट्रोल स्विच की भी जांच की गई, जो बिल्कुल सही पाए गए. विमानों को जमीन पर थोड़ा ज्यादा समय देकर उनके तकनीकी सिस्टम को अपग्रेड किया गया है. ताकि, भविष्य में उड़ानों में होने वाली देरी को रोका जा सके.

विमानों की कार्यक्षमता और नए प्रोग्राम की शुरुआत

हवाई जहाजों की रोजाना की उड़ान को बेहतर और भरोसेमंद बनाने के लिए एअर इंडिया अपने बड़े विमानों (बोइंग 787 और बोइंग 777) की कार्यक्षमता को लगातार मजबूत कर रही है. पिछले एक साल में सुरक्षा से जुड़े शुरुआती कामों की प्रगति 75% से बढ़कर 87% हो गई है.
इसके अलावा, विमानों की देखरेख करने वाले विशेष प्रोग्राम्स की संख्या को 36 से बढ़ाकर 45 कर दिया गया है और इनका काम भी पहले के मुकाबले काफी तेजी से पूरा किया जा रहा है.

Advertisement

अहमदाबाद हादसे जैसी बड़ी घटनाओं के बाद कर्मचारियों के मानसिक तनाव और डर को दूर करने के लिए एअर इंडिया ने ट्रेनिंग और काउंसलिंग का एक मजबूत सिस्टम तैयार किया है. दुर्घटना के बाद कंपनी ने 'Wellness.AI' नाम से एक नई मुहिम शुरू की है. इसके तहत मानसिक रूप से परेशान कर्मचारियों को उनकी जरूरत के हिसाब से मदद दी जा रही है.

इस काम के लिए 265 काउंसलर्स की एक बड़ी टीम लगाई गई है, जो कर्मचारियों और उनके परिवारों (अधिकतम तीन परिजनों) को पूरी तरह गोपनीय थेरेपी और मानसिक इलाज की सुविधा दे रही है.

पीड़ित परिवारों को अंतरिम मुआवजा और टाटा संस की सहायता

अहमदाबाद हादसे के पीड़ितों और जमीन पर प्रभावित हुए लोगों को आर्थिक मदद देने का काम अब अपने आखिरी चरण में है. एअर इंडिया ने पीड़ित परिवारों की तुरंत की जरूरतों को पूरा करने के लिए ₹25 लाख प्रति परिवार का अंतरिम मुआवजा जारी किया था, जो अब तक 96% परिवारों को मिल चुका है. बचे हुए मामले केवल वे हैं जहां कागजात पूरे नहीं हैं या परिवार का आपस में कोई विवाद है.

इसके साथ ही, टाटा संस की तरफ से मृत लोगों के परिवारों को ₹1 करोड़ की अनुग्रह राशि दी जानी थी, जो अब तक 91% परिवारों को दी जा चुकी है.

Advertisement

सामान की वापसी और अंतिम सेटलमेंट की स्थिति

इस हादसे के वक्त जमीन पर मौजूद जो लोग घायल हुए थे, उनमें से 94% लोगों को उनकी चोट और काम-काज के नुकसान के आधार पर पूरा या अंतरिम मुआवजा दे दिया गया है. बाकी बचे लोगों ने मदद केंद्र से फॉर्म तो लिया था, लेकिन अभी तक जमा नहीं किया है.

इसके अलावा, दुर्घटना वाली जगह से पीड़ितों के 22,000 से ज्यादा व्यक्तिगत सामानों को बहुत संभालकर रखा गया था. इनमें से 139 लोगों का सामान भारत और यूके में उनके परिवारों को सुरक्षित लौटा दिया गया है. शुरुआती मुआवजा देने के बाद, एअर इंडिया ने अब फुल सेटलमेंट की प्रक्रिया शुरू कर दी है. कंपनी ने कहा है कि परिवारों पर इस ऑफर को जल्दबाजी में स्वीकार करने का कोई दबाव या समय-सीमा नहीं है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »