दिल्ली की सड़कों पर एक बार फिर प्रदर्शनों का दौर शुरू हो गया है. सोमवार को हुए भारी बवाल के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन जंतर-मंतर पर आज भी जारी है. दूसरी तरफ, भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ पंजाब से हजारों किसानों ने दिल्ली की ओर कूच कर दिया है.
सोमवार को पुलिस कार्रवाई के बावजूद CJP के समर्थक एक फिर जंतर-मंतर पर जमा हो गए हैं. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने ऐलान किया है कि उनकी मांगें पूरी होने तक ये आंदोलन जारी रहेगा और आज भी संसद मार्च निकाला जाएगा.
दोहरे प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि सोमवार जैसे हिंसा के हालात से बचा जा सके.
CJP का प्रदर्शन फिर शुरू
सोमवार को प्रदर्शन के हिंसक होने के बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर से हटा दिया था. हालांकि, शाम में कॉकरोच जनता पार्टी के अध्यक्ष अभिजीत दिपके तय प्रदर्शन स्थल से करीब 500 मीटर दूर केरल हाउस के बाहर धरने पर बैठ गए थे. लेकिन आज सुबह प्रदर्शनकारी एक बार फिर तय किए गए प्रदर्शन स्थल पर वापस लौट आए हैं.
भारत-अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ किसानों का दिल्ली कूच
पंजाब और कई राज्यों से हजारों किसान दिल्ली में महापंचायत करने के लिए शंभू बॉर्डर की तरफ बढ़ रहे हैं. किसान संगठन 'देश बचाओ मोर्चा' के आह्वान पर अमृतसर और गुरदासपुर से किसानों का बड़ा काफिला शंभू बॉर्डर के रास्ते दिल्ली पहुंचने की कोशिश में है.
यह भी पढ़ें: LIVE: किसान मार्च रोकने के लिए शंभु बॉर्डर पर बैरिकेड्स, पंढेर बोले- हम बातचीत चाहते हैं
प्रदर्शनकारी किसानों की मांग है कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को तुरंत रद्द किया जाए. किसानों का तर्क है कि इस ट्रेड डील से भारतीय कृषि, डेयरी क्षेत्र और ग्रामीण आजीविका को भारी नुकसान पहुंचेगा.
शंभू बॉर्डर पर धारा 163 लागू, पुलिस बल तैनात
किसानों के दिल्ली कूच की घोषणा के बाद पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. इलाके में धारा 163 (BNS) लागू कर दी गई है. सड़क के दोनों तरफ पुलिस ने मजबूत बैरिकेड्स लगा दिए हैं, जिससे गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है.
दिल्ली कूच कर रहे किसानों को हरियाणा पुलिस ने खनौरी के पास भी रोक लिया है. भारत माला-जम्मू-कटड़ा एक्सप्रेसवे पर किसानों का रास्ता रोकने के लिए भारी बैरिकेड्स लगाए गए हैं.एक तरफ छात्रों और CJP का जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन और दूसरी तरफ शंभू बॉर्डर पर किसानों का जमावड़ा- इन दोनों आंदोलनों को लेकर दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों अलर्ट मोड पर हैं.
पंजाब के किसानों के विरोध पर AAP MP मलविंदर सिंह कांग ने ANI से बात करते हुए कहा, 'US-इंडिया ट्रेड डील, जिस पर हमने पिछले सेशन में चर्चा की थी, देश के खेती-बाड़ी सेक्टर को तबाह कर देगी. मेरा मानना है कि किसानों को इतना बड़ा झटका पहले कभी नहीं लगा. ये आंदोलन पंजाब से शुरू हुआ है, लेकिन पूरे देश के किसान इस डील के विरोध में सड़कों पर उतरेंगे.'
यह भी पढ़ें: CJP प्रोटेस्ट में पत्थरबाजों और तोड़फोड़ करने वालों पर एक्शन शुरू, दो FIR दर्ज
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आज किसान घाट पर प्रस्तावित प्रदर्शन और रैली को देखते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. यात्रियों को प्रभावित मार्गों से बचने और समय से पहले निकलने की सलाह दी गई है.
कमलजीत संधू