INDIA ब्लॉक का मॉक महाभियोग एक दिन के लिए टला, कल खड़गे के आवास पर जुटेंगे नेता

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA ब्लॉक का 'पब्लिक इम्पीचमेंट' कार्यक्रम एक दिन के लिए टाल दिया गया है. पहले यह आयोजन आज होना था, लेकिन अब कल दोपहर 3:30 बजे से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर होगा.

Advertisement
कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर अब कल होगा. (File Photo-PTI) कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर अब कल होगा. (File Photo-PTI)

अमित भारद्वाज

  • नई दिल्ली,
  • 30 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 2:01 PM IST

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA ब्लॉक का 'पब्लिक इम्पीचमेंट' अब आज नहीं, बल्कि कल होगा. विपक्षी दलों ने इस कार्यक्रम को एक दिन के लिए टाल दिया है. पहले यह आयोजन आज होना था, लेकिन अब इसे कल आयोजित किया जाएगा. यह कार्यक्रम वोट चोरी के मुद्दे पर विपक्ष के सांकेतिक विरोध का हिस्सा है.

इस कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर किया जाएगा. कार्यक्रम दोपहर 3:30 बजे से शुरू होने की जानकारी दी गई है. विपक्षी दलों ने इसे 'ज्ञानेश कुमार का पब्लिक इम्पीचमेंट' नाम दिया है. इसमें INDIA ब्लॉक के सांसदों और नेताओं के शामिल होने की संभावना है.

Advertisement

मीरा कुमार करेंगी अध्यक्षता, खड़गे पेश करेंगे प्रस्ताव

कार्यक्रम की अध्यक्षता लोकसभा की पूर्व स्पीकर मीरा कुमार करेंगी. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव पेश करेंगे. इसके बाद राहुल गांधी अपनी बात रखेंगे. आखिर में इस प्रस्ताव को पारित किया जाएगा. INDIA ब्लॉक के हर दल की ओर से भी एक नेता के बोलने की संभावना है.

इससे पहले गुरुवार को विपक्षी दलों के नेताओं ने खड़गे के आवास पर बैठक की थी. इसमें कार्यक्रम की तैयारियों और उसकी रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया था. बैठक में प्रियंका गांधी वाड्रा, जयराम रमेश, केसी वेणुगोपाल, मीरा कुमार, टीएमसी के डेरेक ओब्रायन, समाजवादी पार्टी के हरेंद्र मलिक, जेएमएम की महुआ माजी और सीपीआई(एम) के जॉन ब्रिटास समेत कई नेता शामिल हुए थे.

SIR को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहा विपक्ष

Advertisement

कांग्रेस और INDIA ब्लॉक के दूसरे दल विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं. विपक्षी दलों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की है. उनका आरोप है कि वोटर लिस्ट में बदलाव के दौरान गड़बड़ियां हुई हैं.

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इससे पहले आरोप लगाया था कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने संविधान की भावना का उल्लंघन किया है. उन्होंने यह भी दावा किया था कि ज्ञानेश कुमार ने सुप्रीम कोर्ट के सामने गलत बातें रखीं. ये विपक्ष के आरोप हैं.

यह भी पढ़ें: INDIA ब्लॉक की महारैली को CJP का समर्थन, CEC ज्ञानेश कुमार का मांगा इस्तीफा

कांग्रेस ने मंगलवार को दावा किया था कि उसे मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ 'पब्लिक इम्पीचमेंट' आयोजित करने की इजाजत नहीं दी गई. पार्टी ने आरोप लगाया था कि सरकार आम लोगों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है. अब विपक्षी दल इस कार्यक्रम को कल आयोजित करेंगे.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »