सिगरेट मांगने से शुरू हुआ विवाद, महिला मित्र पर टिप्पणी के बाद चाकूबाजी... 26 साल के युवक की मौत

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में सिगरेट मांगने को लेकर हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया. कवर्धा निवासी 26 वर्षीय चित्रेश सहारे पर धारदार हथियार से हमला किया गया. जांघ पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई. पुलिस ने रात में SIT बनाकर करीब एक घंटे में राजनांदगांव के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया.

Advertisement
एक घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार.(Photo: ITG) एक घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार.(Photo: ITG)

रघुनंदन पंडा

  • दुर्ग,
  • 07 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:15 PM IST

छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर में सिगरेट मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद युवक की हत्या तक पहुंच गया. मोहन नगर थाना क्षेत्र के हरिनगर में 26 वर्षीय चित्रेश सहारे पर चाकू से हमला किया गया. गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

चित्रेश मूल रूप से कवर्धा का रहने वाला था और सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुका था. वह प्रतियोगी परीक्षाओं के जरिए सरकारी नौकरी हासिल करने की तैयारी कर रहा था. इसी सिलसिले में पिछले सप्ताह दुर्ग आया था. भिलाई के रुंगटा कैंपस में उसका SBI परीक्षा का सेंटर था.

Advertisement

यह भी पढ़ें: Instagram पर दोस्ती, लिव-इन और फिर मौत... दिल्ली में होने का झूठ बोलती रही अंजलि, दुर्ग में मिला शव

घटना के वक्त चित्रेश अपने दोस्त रवि के PG रूम में अपनी गर्लफ्रेंड और उसकी बहन के साथ गया था. इसी PG में अलग कमरे में राजनांदगांव निवासी वैभव मानकर और राजकुमार यादव रहते थे. सिगरेट मांगने को लेकर उनके बीच विवाद शुरू हुआ, जो बाद में कहासुनी और हाथापाई में बदल गया.

महिला मित्र से बदतमीजी के बाद बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि इसी दौरान चित्रेश के साथ आई महिला मित्र को लेकर कुछ अपशब्द कहे गए. इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद और बढ़ गया. मामला गाली-गलौज से होते हुए मारपीट तक पहुंच गया. पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान दोनों युवकों ने चित्रेश पर धारदार हथियार से हमला कर दिया.

Advertisement

चाकू के वार चित्रेश के पैर और जांघ पर लगे. जांघ में गंभीर चोट के कारण काफी खून बह गया. वहां मौजूद युवकों और आसपास के लोगों ने उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

घटना की जानकारी मिलते ही मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने PG में मौजूद लोगों के अलावा प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की. चित्रेश के शव को जिला अस्पताल दुर्ग की मर्चुरी में रखा गया. पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

​

रात में SIT बनाई, एक घंटे में दोनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, वारदात की सूचना मिलने के बाद रात में SIT गठित की गई. टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया. गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान राजकुमार यादव और वैभव मानकर के रूप में हुई है. दोनों राजनांदगांव के रहने वाले हैं.

नगर पुलिस अधीक्षक हर्षित मेहर ने बताया कि हरिनगर में हेरिटेज स्कूल के पीछे एक घर में चित्रेश अपने दोस्त रवि के साथ रहने आया था. रात में कुछ लड़कियां और उनके दोस्त वहां मौजूद थे. इसी दौरान ऊपर PG में रहने वाले दोनों युवकों के साथ विवाद हुआ. इसके बाद धारदार हथियार से हमला किया गया, जिसमें चित्रेश की मौत हो गई.

Advertisement

हर्षित मेहर के अनुसार, हत्या की वजह महिला मित्र को लेकर कहे गए अपशब्दों के बाद शुरू हुआ विवाद बताया जा रहा है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक, राजकुमार यादव और वैभव मानकर डिलीवरी का काम करते हैं और Zomato व Rapido से जुड़े हुए हैं.

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था चित्रेश

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतक चित्रेश सहारे इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुका था. वह सरकारी नौकरी के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था और इसी उद्देश्य से दुर्ग आया था. भिलाई स्थित रुंगटा कैंपस में उसका SBI परीक्षा का सेंटर था.

वहीं, घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच तेज कर दी है. PG में रहने वाले लोगों और मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर घटनाक्रम को समझने की कोशिश की जा रही है. दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

इस वारदात में सिगरेट मांगने से शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही देर में हिंसक हो गया. महिला मित्र को लेकर कहे गए कथित अपशब्दों के बाद बात बढ़ी और धारदार हथियार से हमला कर दिया गया. जांघ पर गंभीर चोट लगने और अधिक खून बहने के कारण 26 वर्षीय चित्रेश की जान चली गई.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »