गर्मी के इस मौसम में पसीना आना आम बात है. लेकिन अगर जरूरत से ज्यादा आ रहा है तो यह अच्छा संकेत नहीं है. डॉक्टरों का कहना है कि बिना वजह और ज्यादा पसीना आना शरीर में कई बीमारियों का संकेत हो सकता है. इस स्थिति में आपको इलाज कराने की जरूरत है. डॉक्टरों ने सामान्य पसीना आना और कब यह खतरा है इस बारे में डिटेल में बताया है.
जब शरीर ज्यादा तापमान में रहता है तो स्वेट ग्लैंड पसीना बनाती हैं. बहुत अधिक गर्मी, तेज धूप और एक्सरसाइज करने के दौरान पसीना आना बिलकुल नॉर्मल है. यह गर्मी और कम तापमान में शरीर को ठंडा करने की एक प्रक्रिया है. यह बहुत जरूरी है और एक स्वस्थ शरीर का संकेत है, लेकिन कुछ मामलों में पसीना आना चिंता का कारण हो सकता है.
कब पसीना चिंता की बात बन सकता है
इस बारे में राजीव गांधी हॉस्पिटल में कार्डियोलॉजी विभाग के डॉ. अजीत जैन ने बताया है. डॉ जैन कहते हैं कि अगर आप सामान्य तापमान में है. जैसे घर में कूलर या AC में बैठे हुए हैं और फिर भी पसीना आ रहा है तो यह अच्छा संकेत नहीं है. इसके अलावा पसीने के साथ सीने में दर्द, सांस फूलना या चक्कर आना भी ठीक नहीं है. यह हार्ट की किसी गंभीर बीमारी का संकेत है. इस दौरान अगर बुखार भी आ रहा है तो यह भी खराब हेल्थ का संकेत है. इन तीनों ही स्थिति में आपके बिना देरी किए अस्पताल में जाना चाहिए. यह हार्ट अटैक, थायरॉइड और डायबिटीज जैसी बीमारी के संकेत हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें: यूरोप के बाद हीट वेव से US-कनाडा-मैक्सिको भी परेशान, कूलिंग सेंटर खोलने-हेल्थ जांच बढ़ाने के आदेश
क्या ज्यादा पसीना आना सिर्फ बीमारी का ही संकेत है
इस बारे में राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मेडिसिन विभाग के डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ.सुभाष गिरि ने बताया है. वह कहते हैं कि ज्यादा पसीना आना खराब सेहत का संकेत है, लेकिन कुछ लोगों में माथे और हाथों की हथेलियों पर ही पसीना आता है. इसको मेडिकल की भाषा में हाइपरहाइड्रोसिस कहते हैं. यह समस्या कई बार बिना किसी बीमारी के भी हो सकती है, लेकिन अगर इससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही हो, तो स्किन के किसी डॉक्टर या फिर फिजिशियन से मिलना चाहिए.
डॉ गिरि कहते हैं कि ज्यादा पसीना आने से शरीर में पानी की कमी भी हो सकती है. ऐसे में आपको इस दौरान कुछ चीजों का ध्यान रखने की जरूरत है.
ज्यादा पसीना आता है तो यह करें
दिन में कम से कम 8 गिलास पानी पीएं
पानी के अलावा छाछ, नारियल पानी भी पी सकते हैं,
दोपहर की तेज धूप में लंबे समय तक रहने से बचें
अगर पसीना आने के साथ छाती में तेज दर्द है तो तुरंत अस्पताल जाएं
अभिषेक पांचाल