फैक्ट चेक: फ्रांस का प्रदर्शन बताकर वायरल हुए ब्राजील और अल्बानिया के वीडियो

पहला वीडियो ब्राजील का है जहां पुलिसवालों ने चाकू लेकर उनकी तरफ बढ़ रही एक महिला को गोली मार दी थी. वहीं, दूसरा वीडियो अल्बानिया का है.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये फ्रांस का वीडियो है, जहां पुलिसवालों ने एक प्रदर्शनकारी महिला को सरेआम गोली मार दी.
सच्चाई
ये घटना ब्राजील की है, जहां पुलिसवालों ने चाकू लेकर उनकी तरफ बढ़ रही एक महिला को गोली मार दी थी.

अभिषेक पाठक

  • नई दिल्ली,
  • 23 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:58 PM IST

फ्रांस में बीते कुछ हफ्तों से बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हो रहे हैं. इन प्रदर्शनों की शुरुआत बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के खिलाफ हुई थी. बाद में इसने हिंसक रूप ले लिया और कई जगहों पर तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं.  

अब फ्रांस का बताकर दो वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं. पहले वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी एक महिला पर बंदूक ताने नजर आ रहे हैं. कुछ ही देर बाद पुलिसवाले महिला पर गोली चला देते हैं. ऐसा कहा जा रहा है कि ये महिला फ्रांस में हो रहे प्रदर्शन में शामिल थी, जिसे पुलिसवालों ने गोली मार दी.

Advertisement

वीडियो को एक्स पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, 'फ्रांस में एक खेबड़ी वामपंथन आंदोलन कर रही थी. इसे भी Regime चेंज करना था. पुलिस प्रशासन ने इस खेबड़ी का ही तख्तापलट कर दिया लेकिन तानाशाह तो मोदी है.'

(Photo- ITGD)

वहीं, एक अन्य वीडियो में बुर्का पहने हुई एक महिला, पुलिसकर्मियों पर डंडा चलाती नजर आ रही है. वीडियो को शेयर करते हुए एक एक्स यूजर ने लिखा, “फ्रांस की सड़कों पर Regime Change करती हुईं मोहतरमा! यूरोप के बड़े हिस्से में आंदोलन के नाम पर तख्तापलट की कोशिशें लगातार चल रही हैं!” 

(Photo- ITGD)

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये दोनों ही वीडियो फ्रांस के नहीं हैं. पहला वीडियो ब्राजील की एक घटना का है जिसमें पुलिसवालों ने चाकू लेकर उनकी तरफ बढ़ रही एक महिला को गोली मार दी थी. वहीं, दूसरा वीडियो अल्बानिया का है. 

Advertisement

कैसे पता लगाई सच्चाई?

पहले वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ब्राजील के मीडिया संस्थान Cidade Alerta की एक वीडियो रिपोर्ट मिली. 16 अक्टूबर की इस रिपोर्ट में वायरल वीडियो और इस घटना का सीसीटीवी फुटेज मौजूद है.

इस रिपोर्ट के मुताबिक ये घटना ब्राजील के São Paulo की है. वीडियो में दिख रही महिला का नाम कैमिला परेरा है. कैमिला हाथ में धारदार चाकू लेकर पुलिसकर्मियों की तरफ बढ़ रही थी. पुलिस ने कई बार उन्हें हथियार नीचे रखने को कहा, लेकिन वो आगे बढ़ती रहीं. इसके बाद एक पुलिस वाले ने उन पर गोली चला दी. घटना में महिला की मौत हो गई.

ब्राजील के तमाम न्यूज पोर्टल्स ने इस घटना के बारे में खबर छापी थी. कुछ रिपोर्ट्स में महिला को दिमागी रूप से बीमार भी बताया गया है. न्यू यॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में एक पुलिसकर्मी को गिरफ्तार किया गया था. हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई थी.

दूसरे वीडियो की कहानी

रिवर्स सर्च के जरिये हमें ये TVNET नाम के एक फेसबुक पेज पर 20 अक्टूबर के पोस्ट में मिला. यहां इसे अल्बानिया का बताया गया है. Shekulli नाम के न्यूज आउटलेट के एक फेसबुक पोस्ट में इसी घटना का एक दूसरा वीडियो देखा जा सकता है. पोस्ट के मुताबिक ये घटना अल्बानिया की राजधानी तिराना की है, जहां एक प्रदर्शन के दौरान एक बुजुर्ग महिला, पुलिसकर्मियों से भिड़ गई थी. हमें गूगल मैप्स पर भी ये जगह मिल गई. जाहिर है, ये वीडियो फ्रांस का नहीं, बल्कि अल्बानिया का है. 

Advertisement

इस तरह हमारी पड़ताल से ये बात साबित हो जाती है कि अलग-अलग जगहों के वीडियो फ्रांस के प्रदर्शनों के संदर्भ में शेयर हो रहे हैं. 

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »