10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर मंतर पर होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं. हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली आने वाली कई ट्रेनों को रद्द किए जाने और 57 मेट्रो स्टेशन बंद किए जाने के फैसले पर सख्त आपत्ति जताई और कहा कि मक्खी मारने के लिए हथौड़ा नहीं चलाया जाता है.
इस बीच सोशल मीडिया पर दो ऐसे वीडियो वायरल हो रहे हैं जिनमें लोगों का बड़ा काफिला नजर आ रहा है. इन्हें ये कह कर शेयर किया जा रहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी के लोगों को सबक सिखाने के लिए हिंदू संगठनों का काफिला जंतर मंतर के लिए कूच कर गया है. लेकिन आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये दोनों वीडियो पुराने हैं और इनका 10 अक्टूबर के प्रदर्शन से कोई लेना-देना नहीं है.
जुलाई का है ढेरों गाड़ियों के काफिले वाला ये वीडियो
ढेरों बाइक और कारों के काफिले वाले इस वीडियो को शेयर करते हुए एक्स पर एक यूजर ने लिखा, “राजस्थान से काला हिट लेकर राष्ट्रवादी युवाओं एक जत्था जंतर मंतर के लिए रवाना हो चुका है. जय श्री राम.”
वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये जीतू बाबा नाम के इंस्टाग्राम यूजर के अकाउंट पर मिला. यहां इसे 23 जुलाई को शेयर किया गया था. यानी साफ है कि ये हाल-फिलहाल का वीडियो नहीं है.
इसी काफिले का एक दूसरा वीडियो नितेश कुमार मीणा नाम के एक इंस्टाग्राम यूजर ने भी शेयर किया था. नितेश ने हमें बताया कि ये जयपुर के कानोता में बंटी मीणा के लिए हुई रैली का वीडियो है. उन्होंने बताया कि बंटी गौ-सेवा के कामों से जुड़े थे और उनकी दूसरी पुण्यतिथि के मौके पर ये रैली आयोजित की गई थी. हमारी बात जितेंद्र योगी उर्फ जीतू बाबा से भी हुई. उन्होंने भी यही बताया कि ये बंटी मीणा के लिए जयपुर में हुई रैली का वीडियो है.
2022 से इंटरनेट पर है ये वीडियो
इस वीडियो में हाथ में भगवा झंडे थामे हुए लोगों का हुजूम सड़क से गुजरता दिखाई दे रहा है. एक्स पर एक व्यक्ति ने लिखा, “हिंदू संगठनों ने ‘कॉकरोच पकड़ो जूते मारो अभियान’ नाम से आंदोलन शुरू कर दिया है. तिलचट्टों को फोकट की सलाह है.अमेरिका निकल लो.”
रिवर्स सर्च के जरिये हमें ये दिसंबर 2022 के एक फेसबुक पोस्ट में मिला. साफ है कि ये सालों पुराना वीडियो है और सीजेपी से इसका कोई लेना-देना नहीं है. 2022 के इस पोस्ट में वीडियो को महाराष्ट्र के सोलापुर का बताया गया था. हालांकि कुछ पोस्ट में इसे जम्मू में हुए युवा राजपूत सभा का बताया गया है.
वीडियो में एक दुकान का नाम नजर आता है - 'बेकर्स अवेन्यू'. ये दुकान जम्मू के डोगरा चौक में है. हमें गूगल मैप्स पर भी हूबहू यही लोकेशन मिल गई. हमने 'बेकर्स अवेन्यू' के बगल वाली दुकान 'आनंद इलेक्ट्रिकल्स' के मालिक मनीष आनंद से बात की. हालांकि, वो पक्के तौर पर ये नहीं बता पाए कि वीडियो कब का है, लेकिन उन्होंने कहा कि ये रैली हर साल 23 सितंबर को महाराजा हरि सिंह की जयंती के मौके पर जम्मू में निकाली जाती है.
इसके अलावा 8 अक्टूबर को बजरंग दल ने साफ कहा था कि वो ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे विरोध के खिलाफ हैं, लेकिन उनका जंतर मंतर जाने का कोई इरादा नहीं है. दरअसल सोशल मीडिया पर ऐसे दावे किए गए थे कि सीजेपी के खिलाफ बजरंग दल ने भी दिल्ली कूच कर दिया है. बजरंग दल ने इन खबरों को “झूठा प्रोपेगैंडा” बताया.
फैक्ट चेक ब्यूरो