फैक्ट चेक: राहुल गांधी ने महिलाओं के बारे में नहीं दिए ये विवादित बयान, ये वीडियो एडिटेड है

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें महिलाओं और दुष्कर्म पर विवादित बयान दिखाए गए हैं. फैक्ट चेक में पाया गया कि वीडियो एडिटेड है और असली बयान में संघ प्रमुख मोहन भागवत और मंत्री मनोहर लाल खट्टर के पुराने बयानों का जिक्र था.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि रेप की घटनाएं इंडिया में होती हैं न कि भारत में.
सच्चाई
ये वीडियो एडिटेड है. असली वीडियो में राहुल, संघ प्रमुख मोहन भागवत और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के पुराने बयानों का जिक्र कर रहे थे.

ज्योति द्विवेदी

  • नई दिल्ली ,
  • 25 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 4:47 PM IST

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वो महिलाओं और दुष्कर्म की घटनाओं के बारे में कथित तौर पर विवादित बयान देते नजर आ रहे हैं. इसमें वो कहते हैं, 'अस्सी परसेंट रेप महिला के कारण होते हैं. इंडिया में रेप होता है और भारत में रेप नहीं होता है.'

वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए जहां कुछ लोग राहुल का मजाक उड़ा रहे हैं, वहीं कुछ नाराजगी भी जाहिर कर रहे हैं. 

Advertisement

एक थ्रेड्स यूजर ने इसे शेयर करते हुए लिखा, 'कांग्रेस के शहजादे पढ़े लिखे श्री श्री राहुल गांधी इंडिया में रेप होता है भारत में नहीं होता चमचों को पढ़े हुए अब्बू.'

(Photo- ITGD)

 

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये वीडियो एडिटेड है. असली वीडियो में राहुल, संघ प्रमुख मोहन भागवत और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के पुराने बयानों का जिक्र कर रहे थे.

कैसे पता चली सच्चाई?  

वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने से हमें पता लगा कि ये वीडियो पुणे में 22 अगस्त को आयोजित कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से संबंधित है. इस कार्यक्रम का वीडियो कांग्रेस ने यूट्यूब पर अपलोड किया था. इसमें तकरीबन 1 घंटे 12 सेकेंड पर वायरल वीडियो वाला हिस्सा देखा जा सकता है. इसमें राहुल कहते हैं, 'मोहन भागवत जी कहते हैं कि इंडिया में रेप होता है और भारत में रेप नहीं होता है. खट्टर जी कहते हैं कि अस्सी परसेंट रेप महिला के कारण होते हैं. तो ये एक माइंडसेट है और इस माइंडसेट से लड़ाई चल रही है.'

Advertisement

असली वीडियो से ये बात साफ हो जाती है कि वायरल वीडियो में जानबूझकर उस हिस्से को हटा दिया गया है जिसमें मोहन भागवत और मनोहर लाल खट्टर के नामों का जिक्र है. 

भागवत और खट्टर ने कब दिए थे ये बयान 

बीबीसी की 4 जनवरी, 2013 की रिपोर्ट के अनुसार, मोहन भागवत ने अपने सिलचर दौरे के दौरान कथित तौर पर बलात्कार की घटनाओं के बारे में कहा था, 'इस तरह के अपराध भारत में कम होते हैं और इंडिया में अधिक होते हैं.' बयान को लेकर उस वक्त काफी बवाल हुआ था. उस वक्त तत्कालीन संघ प्रवक्ता राम माधव ने स्पष्टीकरण दिया था कि भागवत सिर्फ इतना कहना चाह रहे थे कि भारतीय परंपरा में महिलाओं का सम्मान होता रहा है और अगर लोग इस परंपरा से दूर होंगे तो वो आपराधिक मामलों में संलिप्त होंगे.  

इसी तरह, हरियाणा के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने नवंबर 2018 में कहा था, 'सबसे बड़ी चिंता ये है कि ये घटनाएं जो हैं, रेप और छेड़छाड़ की, ये 80-90% जानकारों के बीच में होती हैं. एक-दूसरे को जानते हैं. बहुत घटनाएं तो ऐसी होती हैं- काफी समय तक घूमते रहते हैं और एक दिन थोड़ी गड़बड़ हो गई, उस दिन उठा कर के और एफआईआर करा देते हैं. इसने मुझे रेप किया.' खट्टर के इस बयान को लेकर भी उस वक्त काफी विवाद हुआ था.  
 
साफ है, राहुल गांधी का ये वीडियो एडिट करके शेयर किया जा रहा है जिससे लोगों में भ्रम फैल रहा है.   

---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »