टीवी के फेमस कपल गौरव खन्ना और अकांक्षा चमोला के तलाक की खबर ने पहले ही फैंस को बड़ा झटका दिया था. हालांकि इसे एक पब्लिसिटी स्टंट भी माना जा रहा है. लेकिन अब इस मामले में एक नया मोड़ आ गया है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक पोस्ट के कमेंट सेक्शन में आकांक्षा के पिता ने गौरव खन्ना पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. हालांकि, अभी तक ये पुष्टि नहीं हुई है कि ये कमेंट वाकई आकांक्षा के पिता ने ही किया है.
आकांक्षा के पिता का दावा
इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के नीचे कमेंट करते हुए उस शख्स ने लिखा- मैं आकांक्षा का पिता हूं. उसने जो कहा है, वो बिल्कुल सच है वो पिछले एक साल से अंधेरी में मेरे घर पर रह रही है. जब तक तलाक की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती, दोनों सिर्फ प्रोफेशनल तरीके से एक-दूसरे का साथ देंगे.
कमेंट में आगे दावा किया गया कि- गौरव एक बहुत अच्छे एक्टर हैं, लेकिन उन्होंने मेरी बेटी को न तो फाइनेंशियली और न ही इमोशनली सहयोग दिया. उन्होंने बच्चे को लेकर की गई बात का भरोसा तोड़ा और जानबूझकर ऐसा व्यवहार किया जिससे लोगों की सहानुभूति उन्हें मिले. ये आकांक्षा को मीडिया में विलेन बनाने की उनकी प्लानिंग थी.
हालांकि, इस कमेंट की अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसके सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हो गई हैं. कई यूजर्स का मानना है कि आकांक्षा के पिता सही कह रहे हैं वहीं कुछ ने इसे फेक बताया है ताकि गौरव की इमेज को खराब किया जा सके.
आकांक्षा ने खुद किया था तलाक का ऐलान
कुछ दिन पहले 'लॉक अप 2' में आकांक्षा चमोला ने खुलासा किया था कि वो और गौरव खन्ना तलाक लेने जा रहे हैं. उन्होंने कहा- हम पिछले एक साल से अलग रह रहे हैं. ये फैसला हमने मिलकर लिया है और काफी समय से इस पर बात चल रही थी.
आकांक्षा ने साफ किया था कि उनके और गौरव के बीच कोई कड़वाहट नहीं है. उन्होंने कहा- हम आज भी बात करते हैं, लेकिन हमें महसूस हुआ कि हम एक-दूसरे के लिए सही लाइफ पार्टनर नहीं हैं. हमारी सोच और जिंदगी से उम्मीदें अलग हैं.
'बिग बॉस 19' के बाद बदलने लगे रिश्ते
अकांक्षा ने बताया कि उनके रिश्ते में दूरियां 'बिग बॉस 19' के दौरान बढ़नी शुरू हुई थीं. उन्होंने कहा- दोनों परिवारों ने हमें कुछ समय अलग रहने की सलाह दी थी. सबको लगा था कि शायद हम फिर साथ आ जाएंगे, लेकिन अब हमारे बीच पहले जैसा रिश्ता और कपल वाली फीलिंग नहीं रही.
अब हर किसी की नजर गौरव खन्ना के जवाब पर है. फैंस भी जानना चाहते हैं कि इस पूरे विवाद पर उनकी तरफ से क्या सफाई सामने आती है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क