फेमस यूट्यूबर चेहरे अभिषेक मल्हान यानी फुकरा इंसान इंटरनेट पर काफी एंटरटेनिंग पर्सनैलिटी माने जाते हैं. करोड़ों लोग उन्हें और उनके परिवार को फॉलो करते हैं. अभिषेक अपने हर वीडियो में कुछ नया और मजेदार करते हुए नजर आते हैं. अब इस बार भी उन्होंने कुछ ऐसा किया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया है.
फुकरा इंसान ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो क्लीन शेव करते हुए नजर आए हैं. उन्होंने चार साल बाद अपना लुक पूरी तरह बदल लिया है. उन्हें देख पूरी फैमिली हक्की-बक्की रह गई है. फैंस भी फुकरा को ऐसे देख चौंक गए हैं.
यूट्यूबर ने किया क्लीन शेव
वीडियो में अभिषेक ने सबसे पहले अपनी भाभी रुचिका राठौड़ का रिएक्शन दिखाया है. उन्हें फुकरा इंसान को क्लीन शेव लुक में देखकर खुद पर विश्वास नहीं हुआ. वो मजाक में उनसे कहती भी हैं कि ये झूठ हो सकता है. आगे अभिषेक की मां डिंपल मल्हान का रिएक्शन दिखाया जाता है. वो अपने ही बेटे को देखकर कुछ सेकेंड के लिए डर जाती हैं. उन्हें लगता है कि कोई चोर घुस आया है.
फुकरा इंसान उनसे पूछते भी हैं कि क्या वो इस लुक में हैंडसम लग रहे हैं या नहीं. इसके बाद वो अपने पापा के पास जाते हैं, जो अभिषेक को देखते ही कहते हैं कि वो रणबीर कपूर लग रहे हैं. अंत में फुकरा इंसान के बड़े भाई ट्रिगर्ड इंसान यानी निश्चय मल्हान हैरान नजर आते हैं. हालांकि वो फुकरा से कहते भी हैं कि वो काफी अच्छे लग रहे हैं. लेकिन अंत में उनकी एक बात ने सभी को सस्पेंस में डाल दिया है.
अब ट्रिगर्ड इंसान ने इशारों-इशारों में क्या कहा, ये तो वही जाने. मगर फैंस अभिषेक मल्हान को ऐसे लुक में देखकर कई सारी बातें लिख रहे हैं. कुछ का कहना है कि क्लीन शेव लुक में उनकी उम्र और 5-10 साल कम हो गई है. वहीं कुछ उनसे थोड़े नाराज हैं, क्योंकि उन्हें फुकरा इंसान को उसी लुक में देखने की आदत पड़ चुकी थी. लेकिन एक-दो लोगों ने इसे व्यूज पाने की ट्रिक भी कही है.
फुकरा इंसान वैसे यूट्यूब के अलावा ओटीटी पर भी छाए हुए हैं. वो दो नए शोज बैटलग्राउंड सीजन 2 और ट्राइबवर्स में नजर आ चुके हैं जिसे लोगों ने काफी पसंद किया है. दोनों शोज अमेजॉन प्राइम/एमएक्स प्लेयर और जियोहॉटस्टार जैसे बड़े-बड़े प्लेटफॉर्म्स पर आते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क