गैलेक्सी अपार्टमेंट में सलमान खान के साथ हुई अनहोनी! अपने आप जलने लगी लाइटें...खुली अलमारी

सलमान खान ने करण जौहर के शो में अपने कमरे से जुड़ा चौंकाने वाला किस्सा सुनाया. भाईजान के मुताबिक, वहां अपने आप अलमारियां खुलती थीं और म्यूजिक बजता था. जानिए फिर उन्होंने क्या मजेदार डिमांड रखी.

Advertisement
सलमान के घर में भूत है! (Credit: JioHotstar) सलमान के घर में भूत है! (Credit: JioHotstar)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 14 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:41 PM IST

बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान की जिंदगी से जुड़े किस्से अक्सर सुर्खियों में रहते हैं. कभी उनकी लव लाइफ चर्चा में आती है, तो कभी उनके परिवार और गैलेक्सी अपार्टमेंट से जुड़े किस्से लोगों का ध्यान खींच लेते हैं. लेकिन इस बार सलमान ने अपने कमरे से जुड़ा ऐसा राज बताया है, जिसे सुनकर करण जौहर भी हैरान रह गए. 

सलमान के मुताबिक, उनके कमरे में कोई ऐसी मौजूदगी थी, जिसे उन्होंने कभी देखा तो नहीं, लेकिन महसूस जरूर किया. हैरानी की बात ये है कि इस अनुभव से डरने के बजाय भाईजान ने उस अनदेखी मौजूदगी के सामने एक ऐसी ख्वाहिश रख दी कि करण अपनी हंसी नहीं रोक पाए.

Advertisement

सलमान के कमरे में कौन था? अपने आप खुलती थीं अलमारियां!

दरअसल, सलमान खान करण जौहर के चर्चित चैट शो 'कॉफी विद करण' के नौवें सीजन के पहले एपिसोड में पहुंचे थे. इस दौरान करण ने सलमान के पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि जब वह फिल्म 'कुछ कुछ होता है' की कहानी सुनाने उनके घर गए थे, तब पूरा परिवार एक साथ रहता था. सलमान के कमरे का जिक्र करते हुए करण ने कहा कि उनका कमरा काफी छोटा था, जिसमें एक बेड, एक अलमारी और एक छोटी-सी जगह थी.

करण की बात सुनकर सलमान ने अपने कमरे से जुड़ा एक चौंकाने वाला किस्सा सुना दिया. उन्होंने बताया कि वह उस कमरे में कभी अकेले नहीं रहे. उनके मुताबिक, वहां कोई ऐसा था, जिसे उन्होंने कभी अपनी आंखों से नहीं देखा, लेकिन उसकी मौजूदगी को महसूस किया था.

Advertisement

सलमान ने बताया कि कई बार कमरे से बाहर निकलते ही लाइट अपने आप जलने-बुझने लगती थी. अलमारियां खुल जाती थीं और अचानक म्यूजिक बजने लगता था. बाथरूम में भी उन्हें ऐसा महसूस होता था कि बाहर कोई अलमारी के साथ छेड़छाड़ कर रहा है.

भूत से नहीं डरते थे भाईजान, पूछते थे- क्या सुनना है?

सलमान की बातें सुनकर करण ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें लगता था कि उनका कमरा भूतिया है? इस पर सलमान ने साफ किया कि वह इसे भूतिया कमरा नहीं कहेंगे, लेकिन उन्हें वहां किसी की मौजूदगी का एहसास जरूर होता था.

सलमान ने बताया कि जब भी वह कमरे में म्यूजिक चलाते थे, उन्हें लगता था कि कोई ठीक उनके पीछे खड़ा है. ऐसे में वह उस अनदेखी मौजूदगी से पूछते थे कि उसे कौन-सा गाना सुनना है. फिर कुछ बजाकर कमरे से बाहर निकल जाते थे.

इतना ही नहीं, सलमान ने बताया कि पहले उनके घर में बाहर की तरफ बिलियर्ड्स टेबल भी हुआ करती थी. जब परिवार के लोग वहां बिलियर्ड्स खेलते थे, तो उन्हें कमरे के अंदर से किसी के होने की आवाजें सुनाई देती थीं.

लेकिन भाईजान को इस सब से कभी डर नहीं लगा. उनका कहना था कि उस मौजूदगी ने उन्हें कभी नुकसान नहीं पहुंचाया, इसलिए वह इससे घबराए नहीं.

Advertisement

सलमान की डिमांड सुनकर करण जौहर की छूट गई हंसी!

इस पूरे किस्से का सबसे मजेदार हिस्सा तब आया, जब सलमान ने अपने ही अंदाज में मजाक कर दिया. उन्होंने कहा कि उनकी उस अनदेखी मौजूदगी से बस एक ही गुजारिश थी- अगर वह सच में कोई बेहद खूबसूरत महिला है, तो कम से कम उन्हें अपना चेहरा दिखा दे!

सलमान की यह बात सुनकर करण जौहर जोर-जोर से हंसने लगे. जहां कोई दूसरा इंसान ऐसे अनुभव से डर सकता है, वहीं सलमान ने इसे भी अपने मजाकिया अंदाज में बदल दिया. यही वजह है कि उनका यह पुराना किस्सा अब फिर चर्चा में आ गया है.

दशकों से गैलेक्सी अपार्टमेंट में रह रहा है खान परिवार

सलमान खान और उनके परिवार का गैलेक्सी अपार्टमेंट से पुराना रिश्ता रहा है. उनका परिवार 1970 के दशक में इस इमारत में रहने आया था. बाद में 1990 के दशक में सलमान भी इसी बिल्डिंग में एक साधारण से घर में रहने लगे.

अब खबरें हैं कि सलमान और उनका परिवार जल्द ही बांद्रा के चिंबई गांव में बने छह मंजिला रिहायशी भवन में शिफ्ट हो सकता है. हालांकि, उनके नए घर में जाने को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.

फिलहाल, सलमान के कमरे से जुड़ा यह किस्सा लोगों की दिलचस्पी बढ़ा रहा है. सवाल यही है कि भाईजान को जिस अनदेखी मौजूदगी का एहसास होता था, वह आखिर क्या थी? इसका जवाब तो सलमान ही बेहतर बता सकते हैं. लेकिन इतना जरूर है कि इस कहानी में डर से ज्यादा भाईजान का बेफिक्र और मजाकिया अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »