हैदराबाद में आयोजित रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा का वेडिंग रिसेप्शन न केवल अपनी भव्यता के लिए, बल्कि दूल्हा-दुल्हन के खास कपड़ों के लिए भी चर्चा में है. इस खास मौके के लिए दोनों ने 'Jade by MK' के डिजाइनर आउटफिट्स चुने, जो अपनी बारीक कारीगरी और ऐतिहासिक महत्व के लिए जाने जाते हैं.
'जेड बाय एमके' (JADE by MK) की मशहूर फैशन डिजाइनर मोनिका शाह द्वारा तैयार किए गए कपड़ों में रश्मिका और विजय काफी खूबसूरत लग रहे थे. सेलिब्रिटी स्टाइलिस्ट अमी पटेल के स्टाइल में तैयार हुए इस कपल ने वेन्यू के बाहर मीडिया के लिए जमकर पोज दिए. इनके कपड़ों की सबसे बड़ी खासियत यह थी कि इनमें शुद्ध चांदी और सोने के तारों का इस्तेमाल कर बेहद बारीकी से मोटिफ्स तैयार किए गए थे.
रश्मिका की साड़ी ने खींचा ध्यान
रश्मिका मंदाना ने अपने रिसेप्शन के लिए 'माधुर्य क्रिएशन्स' से मंगवाई गई खास मैसूर सिल्क की साड़ी चुनी थी. लाल, काले और सुनहरे रंगों के मेल से बनी इस 'जेड बाय एमके' की साड़ी में हर रंग का अपना एक गहरा मतलब था. जहां लाल रंग शुभता और शक्ति का प्रतीक माना गया, वहीं काला रंग सुरक्षा और गोल्ड उनकी पारिवारिक विरासत को दर्शाता नजर आया. इस साड़ी और ब्लाउज पर बारीक मोतियों का काम और शुद्ध सोने की परत वाले चांदी के धागों की कढ़ाई की गई थी, जो रश्मिका के लुक को शाही बना रही थी.
डिजाइनर मोनिका शाह चाहती थीं कि रश्मिका के कपड़ों में उनकी अपनी पहचान साफ झलके. इसलिए उन्होंने रश्मिका के ब्लाउज पर 'गंडभेरुंडा' मोटिफ को जगह दी, जो कर्नाटक की शक्ति और संप्रभुता का प्रतीक है. इसके साथ ही कोडवा समुदाय का खास प्रतीक चिन्ह भी ब्लाउज पर उकेरा गया था. यह सिर्फ एक परिधान नहीं, बल्कि कर्नाटक की कला और संस्कृति के प्रति रश्मिका का एक गहरा सम्मान था, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा.
विजय का दिखा अलग अवतार
विजय देवरकोंडा ने भी अपनी जड़ों से जुड़े रहने का फैसला किया और रिसेप्शन के लिए पारंपरिक दक्षिण भारतीय परिधान को चुना. उन्होंने आइवरी के रेशमी कुर्ते के साथ क्लासिक वेष्टि और अंगवस्त्रम पहना था. आइवरी रंग को नई शुरुआत और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है. विजय के अंगवस्त्रम पर शुद्ध सोने और चांदी के तारों से 'गज-केसरी' डिजाइन बनाया गया था, जो वीरता और ऐश्वर्य का संदेश दे रहा था.
अपनी इस पारंपरिक वेशभूषा को पूरा करने के लिए रश्मिका और विजय ने 'श्री ज्वैलर्स' के बेहतरीन कलेक्शन से स्टेटमेंट ज्वेलरी पहनी थी. जैसे ही रिसेप्शन की तस्वीरें इंटरनेट पर आईं, फैंस के बीच हलचल मच गई. इस ग्रैंड इवेंट में परिवार के सदस्यों के साथ-साथ फिल्म इंडस्ट्री के करीबी दोस्त भी शामिल हुए, जिससे जश्न का माहौल और भी शानदार हो गया.
aajtak.in