नितेश तिवारी की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर लॉन्च इवेंट 18 जुलाई को दिल्ली के भारत मंडपम में कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित किया गया. इवेंट में मौजूद मेहमानों को ट्रेलर दिखाया गया, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि इतनी टाइट सिक्योरिटी के बावजूद ट्रेलर के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर लीक हो गए.
लीक हो गया रामायण का ट्रेलर
एक्स और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ट्रेलर की कई क्लिप्स तेजी से वायरल हो रही हैं. हालांकि, इनमें से कई वीडियो फेक बताए जा रहे हैं, लेकिन कुछ क्लिप्स को असली माना जा रहा है.
वायरल क्लिप्स में रणबीर कपूर भगवान राम के अवतार में दमदार एंट्री करते नजर आ रहे हैं. वहीं साई पल्लवी मां सीता, अरुण गोविल राजा दशरथ और लारा दत्ता कैकई के किरदार में दिखाई देती हैं. सबसे ज्यादा वायरल हो रही क्लिप में रणबीर कपूर का एंट्री सीन और भगवान राम के वनवास पर जाने की झलक भी देखने को मिलती है.
आंंख पर पट्टी बांध कर घुड़सवारी करते रणबीर का लुक बहुत शानदार दिखाई पड़ता है. वहीं वनवास जाने की बात सुन सीता बनीं साई का शांत मगर मायूस चेहरा अलग ही प्रभाव छोड़ता है. देखने वालों की मानें तो ट्रेलर की शुरुआत रावण बने यश की सीन्स से होती है. जो अपना असर दर्शकों पर छोड़ते हैं, वहीं हनुमान बने सनी देओल खुद कह चुके हैं कि इसमें उनका रोल फिलहाल बेहद कम है.
इसी का एक और एक्सटेंडेड क्लिप सामने आया है जहां यश रावण बने गरजते दिखाई दे रहे हैं. उनका लुक बेहद प्रॉमिसिंग लग रहा है.
ऐसे कैसे लीक हो गई क्लिप?
इवेंट में जबरदस्त सिक्योरिटी के इंतजाम किए गए थे, मना करने के बावजूद ट्रेलर रिकॉर्ड करने की कोशिश करने वाले एक दो लोगों के फोन तक छीन लिए गए थे. वीडियो में सिक्योरिटी में तैनात लोग साफ नजर आते हैं. बावजूद इसके इस क्लिप का बाहर आना कई सवाल खड़े कर रहा है.
दिलचस्प बात यह है कि फिल्म का टीजर आने के बाद कुछ लोगों ने इसके वीएफएक्स और क्वालिटी को लेकर सवाल उठाए थे. लेकिन अब ट्रेलर की लीक हुई झलकियों ने फैंस की उत्सुकता कई गुना बढ़ा दी है. सोशल मीडिया पर लोग फिल्म के पूरे ट्रेलर और रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. जो कि 24 जुलाई को दुनियाभर में रिलीज होने वाली है.
रामायण पार्ट 1 फिल्म 8 नवंबर 2026 को रिलीज होगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क