'मिथुन चक्रवर्ती ने जीरो से शुरू किया, आज 5 स्टूडियो पूरा बॉलीवुड चला रहे', बोले बेटे नमाशी चक्रवर्ती

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने इंडस्ट्री में जीरो से स्टार बनने तक का लंबा संघर्ष किया है. उनके बेटे नमाशी चक्रवर्ती ने पिता की मेहनत, इंडिपेंडेंट प्रोड्यूसर्स की भूमिका और फिल्म इंडस्ट्री में बदलाव पर खुलकर बात की.

Advertisement
मिथुन के बारे में बेटे ने क्या कहा? (Photo: Social Media) मिथुन के बारे में बेटे ने क्या कहा? (Photo: Social Media)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली ,
  • 18 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 5:30 PM IST

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती के लाखों-करोड़ों चाहने वाले हैं. इन दिनों वो जनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ को लेकर चर्चा में हैं. फिल्म में उन्होंने अहम रोल अदा किया है. मिथुन ने कई बार जिंदगी के संघर्षों पर बात की है. पर इस बार उनके छोटे बेटे नमाशी चक्रवर्ती ने जो कहा वो हर किसी का दिल छू गया. आइए जानते हैं कि नमाशी ने पिता मिथुन को लेकर क्या कहा. 

Advertisement

मिथुन के स्ट्रगल पर बोला बेटा 
SCREEN से बातचीत में नमाशी ने कहा कि उनके पिता ‘जीरो’ से शुरुआत करते हुए इंडस्ट्री की पॉलिटिक्स से लड़ते हुए आज के स्टार बने. उन्होंने ये भी बताया कि पहले इंडस्ट्री में इंडिपेंडेंट प्रोड्यूसर्स की बहुत अहम भूमिका होती थी, जबकि अब कुछ ही प्रोडक्शन हाउस पूरे कारोबार पर हावी हैं. 

उन्होंने कहा, “कोई घर न होने से लेकर इतने बड़े लीजेंड बनने तक. वो कुछ भी नहीं थे, उनके पास कोई रास्ता नहीं था. वो अमीर घराने से नहीं थे, बल्कि लोअर मिडिल क्लास फैमिली से आए थे. इसलिए उनके लिए संघर्ष करना, मेहनत करना और अपने रास्ते में आने वाले कई भेदभाव व पॉलिटिक्स से लड़ना ही एकमात्र रास्ता था. मुझे नहीं लगता कि उनके जैसा कोई सुपरस्टार दोबारा पैदा हो सकता है, क्योंकि उन्होंने सच में जीरो से शुरू किया था.“

Advertisement

नमाशी कहते हैं- मुझे लगता है कि मेरे पिता अब तक के सबसे वर्सेटाइल एक्टर हैं. आप उनकी रेंज देख सकते हैं. ‘गोलमाल 3’, ‘हाउसफुल 2’ जैसी फिल्मों में उनकी कॉमिक टाइमिंग कमाल की है. ‘अग्निपथ’ (1990) में भी उनका किरदार काफी कॉमिक था. उनकी कॉमिक टाइमिंग हमेशा शानदार रही है, लेकिन दुर्भाग्य से इसकी उतनी चर्चा नहीं होती. मुझे खुशी है कि ‘गोलमाल 3’ जैसी फिल्में आईं और वो बड़ी हिट भी हुईं. वो सच में बेहद वर्सेटाइल एक्टर हैं और हर जॉनर को आसानी से कर लेते हैं. 

उन्होंने कहा- आज इंडिपेंडेंट प्रोड्यूसर्स की फिल्म इंडस्ट्री में कोई पैठ नहीं है. मेरे पिता ने इंडिपेंडेंट प्रोड्यूसर्स के साथ कई हिट दी हैं और वो फिल्में पैसे भी कमाती थीं. आज ऐसे प्रोड्यूसर्स नहीं बचे. अब पांच प्रोड्यूसर या प्रोडक्शन हाउस पूरी फिल्म इंडस्ट्री चलाते हैं. यश राज फिल्म्स है, धर्मा है, एक्सेल है, मैडॉक है, नाडियादवाला है. बस. छठा कौन है? मैं छठे का नाम तक नहीं ले सकता. फिल्म इंडस्ट्री बहुत बंद दायरे में आ गई है. हमने लोगों को आगे बढ़ाना बंद कर दिया है. हमने अलग सोच रखने वाले लोगों का स्वागत करना बंद कर दिया है. 

रोल मॉडल हैं पिता 
नमाशी ने अपने करियर में माता-पिता की भूमिका के बारे में भी बात की और मिथुन को अपना सबसे बड़ा मेंटर और क्रिटिक बताया. उन्होंने कहा- अब तक वो मेरे काम से बहुत खुश रहे हैं. वो और मेरी मां मेरी लाइफ के रोल मॉडल हैं. वो मेरे सबसे बड़े क्रिटिक और सबसे बड़े फैन भी हैं. अगर उन्हें कुछ पसंद नहीं आता, तो वे मुझे साफ-साफ बता देते हैं. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »