बॉलीवुड फैंस के दिलों की धड़कन माधुरी दीक्षित का एक अनदेखा अवतार आ रहा है. नेशनल क्रश कोटे से आईं तृप्ति डिमरी उनकी संस्कारी बिटिया बनी हैं. और सोशल मीडिया पर धमाकेदार कंटेंट देने वालीं धारणा दुर्गा, बागी तेवर वाली छुटकी... नेटफ्लिक्स की फिल्म 'मां बहन' में इन तीनों का धुआंधार कॉम्बो एक मजेदार कहानी लेकर आ रहा है. 'मां बहन' का ट्रेलर आ गया है, जिसे देखने के बाद आपका मूड एकदम चकाचक हो जाएगा.
किस कांड में शामिल हैं मां बहन?
माधुरी दीक्षित इस फिल्म में एक सिंगल मदर रेखा के रोल में हैं. ट्रेलर बताता है कि उनके पति ने जब संसार को अलविदा कहा, तो वो केवल 25 साल की थीं. उनकी बड़ी बेटी जया के रोल में तृप्ति डिमरी हैं, जो अपनी मां को 'बहुत अच्छे से' जानती हैं. रेखा की छोटी बेटी सुषमा कंटेंट क्रिएटर लग रही है और रियल लाइफ में यही काम करने वाली धारणा दुर्गा इस रोल को काफी एन्जॉय करती नजर आ रही हैं.
ट्रेलर में रेखा जी अपने पड़ोसी गुप्ता जी (दमदार रवि किशन) से बहुत इंप्रेस होती और उन्हें प्रेम भरी नजरों से देखती नजर आ रही हैं. लेकिन कहानी में ट्विस्ट ये है कि गुप्ता जी, रेखा जी के घर में मरे पाए गए हैं. ट्रेलर में रेखा, जया और सुषमा निरमा से इस मर्डर के सुराग मिटाने की टेंशन में लगी नजर आ रही हैं. तभी धप्पा करती हैं गुप्ता आंटी. इनका रोल शानदार एक्ट्रेस गीतांजलि कुलकर्णी निभा रही हैं, जिन्हें आपने 'गुल्लक' वेब सीरीज में मम्मी मिश्रा के रोल में देखा है. यहां देखें 'मां बहन' का ट्रेलर:
मजेदार और चटपटा है 'मां बहन' का ट्रेलर
नेटफ्लिक्स की इस फिल्म में मर्डर मिस्ट्री के साथ कॉमेडी का तड़का भी काफी जोरदार नजर आ रहा है. चटपटे डायलॉग और एक्ट्रेसेज के दमदार काम से कहानी का माहौल भी मजेदार बन रहा है. माधुरी का बिल्कुल अलग अवतार में नजर आना और तृप्ति का ग्लैमरस अवतार छोड़कर स्मॉल टाउन गर्ल बनना भी दिलचस्प है.
रवि किशन का किरदार शायद पूरी फिल्म में न रहे, लेकिन उनका होना तगड़े मोमेंट्स की गारंटी होता है. हालांकि 'मां बहन' का ट्रेलर ये नहीं बताता कि अरुणोदय सिंह का फिल्म में क्या रोल है. खैर, इस रहस्य के साथ-साथ गुप्ता जी के मर्डर का रहस्य भी 4 जून को पता चल जाएगा, जब 'मां बहन' नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क